धमतरी में सतनामी समाज ने अपने आराध्य गुरु घासीदास बाबा पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
.
यह मामला सिंधी और अग्रवाल समाज के बाद सामने आया है, जहां सतनामी समाज के आराध्य गुरु घासीदास को अपशब्द कहे गए। इस घटना से प्रदेशभर में सतनामी समाज में भारी आक्रोश है। धमतरी में सैकड़ों महिला-पुरुष सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी विजय राजपूत के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

आरोपी ने जानबूझकर की ये हरकत
समाजजनों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि आरोपी ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर 24 सेकंड का अपमानजनक वीडियो वायरल किया है। इससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है।
उन्होंने मांग की कि आरोपी पर अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए। समाज ने चेतावनी दी कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने समाजजनों को आश्वासन दिया कि संत गुरु घासीदास बाबा जी के संबंध में अनर्गल बयान देने वाले व्यक्ति के खिलाफ रायगढ़ में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।


<
