कोरबा शहर में पेट्रोल टंकी मुड़पार तिराहा से बाईपास रोड स्थित रेलवे कॉलोनी फर्नीचर दुकान तक सड़क चौड़ीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य शुरू हो गया है। यह प्रोजेक्ट पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन बजट की कमी के कारण रुका हुआ था।
.
अब लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से यह कार्य किया जा रहा है, हालांकि इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व पार्षद टीकराम चौहान ने बताया कि यह कार्य उनके कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। महापौर की पहल पर इस प्रोजेक्ट के लिए राशि आवंटित की गई है।
स्थानीय लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त की है। आरोप है कि जहां लाल पेवर ब्लॉक का इस्तेमाल होना था, वहां सफेद ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा समतलीकरण का कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है।

कार्य के शुरू होने की नहीं दी गई जानकारी
टीकराम चौहान ने बताया कि उन्हें इस कार्य के शुरू होने की जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में काम शुरू करने से कई तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आ रही हैं। उन्होंने इन खामियों को संज्ञान में लेकर सुधार करने का आश्वासन दिया।
पूर्व पार्षद टीकम राठौर ने भी बताया कि उनकी पत्नी वर्तमान में अमरिया पारा से पार्षद हैं। उन्होंने इस कार्य को गुणवत्ताहीन बताते हुए आपत्ति दर्ज कराने की बात कही। राठौर के अनुसार, यह कार्य केवल लीपापोती है और स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से कार्य की गहन जांच कराने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की मांग की है।

<
