![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज और आसपास के इलाकों में 30 अक्टूबर की रात हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज बारिश के कारण सभी नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
.
कन्हर नदी अपने पूरे वेग से बह रही है, जबकि विजयनगर क्षेत्र की अन्य नदियां भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
लगातार बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। धान की बालियां गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भर जाने से फसल सड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
पूरे सीजन की मेहनत बर्बाद होने का डर
किसान परेशान हैं कि यदि बारिश नहीं रुकी, तो पूरे सीजन की मेहनत बर्बाद हो सकती है। कई गांवों के रास्ते जलमग्न होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
कुछ क्षेत्रों में छोटी पुलियाओं के ऊपर से पानी बहने की खबरें हैं, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। राहत और बचाव कार्यों के लिए राजस्व तथा आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सतर्क हैं।
अगले 24 घंटे ऐसे ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि बारिश जारी रही, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने किसानों से धान की कटाई जल्द शुरू करने की अपील की है, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के उप संचालक रामचंद्र भगत ने बताया कि खलिहान में रखे धान और गिरी हुई धान की बालियों को खराब होने की आशंका है।
वहीं, रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि लगातार बारिश के बाद नगर पालिका की टीम अलर्ट पर है और वार्डों में स्थिति का जायजा ले रही है।
<
