कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में एक खेत से अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिला है। यह शव ग्राम पंचायत औराई के समीप बरामद हुआ। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
.
शव की स्थिति देखकर लगता है कि यह तीन से चार दिन पुराना है। मृतक के गुप्तांग क्षत-विक्षत पाए गए हैं। शव पूरी तरह निर्वस्त्र और फूला हुआ था। घटनास्थल पर सूखी झाड़ियों में जलने के कोई निशान नहीं मिले, जिससे आशंका है कि शव को कहीं और जलाकर यहां लाकर फेंका गया होगा।


जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद करतला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी की। फॉरेंसिक टीम ने भी बारीकी से जांच कर सबूत जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही जांच की दिशा तय हो सकेगी।
अभी तक नहीं हो पाई है मृतक की पहचान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी थी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पहचान के लिए पुलिस विभिन्न प्रयास कर रही है, जिसमें शव की तस्वीरें व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा करना और गांवों में मुनादी कराना शामिल है। उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

खेत जा रहे किसानों ने कोटवार ने दी जानकारी
यह शव सुबह के समय ग्रामीणों को उस वक्त मिला, जब वे धान काटने के लिए खेत जा रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव के कोटवार को दी, जिसके बाद कोटवार ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंची।
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
<
