![]()
.
शुक्रवार को शहर के कुंदरूपारा में हल्बा समाज ने शक्ति दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें समाज की युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा सर्वप्रथम आमापारा पहुंची, जहां प्रस्तावित नए हल्बा समाज भवन निर्माण स्थल पर समाज के पदाधिकारियों ने भूमिपूजन किया। इसके बाद कलश यात्रा आमापारा केनाल मार्ग से होते हुए नगर भ्रमण पर निकली और विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस पहुंची। कुंदरूपारा में झंडा वंदन के बाद समाज की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की विधिवत पूजा की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं को अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि हल्बा-हल्बी समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। समाज की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी हैं, जिससे यह समाज मातृशक्ति का उपासक है। इस दौरान उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पार्षद गोमती रात्रे, गोकुल ठाकुर, पूर्व पार्षद मनोज ठाकुर, पूर्व सीएमएचओ बीएल रात्रे, तुलसी ठाकुर, प्रकाश रावटे, सुनीता मनहर मौजूद थे।
<
