![]()
.
जिले के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत मिसदा के मिनी स्टेडियम में विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
सांसद जांगड़े ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव ग्रामीण अंचलों की युवाओं की प्रतिभा को निखारने और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।
ग्रामीण क्षेत्रों के युवा यदि सही अवसर पाएं, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। सांसद ने सभी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खेलों में भी अग्रणी बनकर देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाएं। महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 मीटर दौड़(15 से 19 वर्ष व 19 से 30 वर्ष), गेड़ी दौड़, रस्सा कसी, वॉलीबॉल, गिल्ली डंडा (15 से 19 वर्ष), खो-खो (15 से 19 वर्ष), कबड्डी (15 से 19 वर्ष) जैसी खेल गतिविधियों में खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष नवागढ़ कान्ता मोहन कश्यप, जनपद सदस्य सुशीला तिवारी, जनपद सदस्य निशा यादव, मिसदा सरपंच सागर कुर्रे, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, लोकेश शुक्ला सहित खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
<
