रविशंकर नगर में नवरात्रि सजावट के बीच कार पर तीन युवतियों का खतरनाक स्टंट, नंबर से हुई पहचान

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती कार पर तीन युवतियों द्वारा की गई स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। यह घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर इलाके की है, जहां नवरात्रि के अवसर पर सड़कों पर सजावट की गई है। वीडियो में एक युवती गरबा ड्रेस पहनकर कार के बोनट पर लेटी हुई दिखाई दे रही है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। कार सड़क पर चलती नजर आ रही है और इस दौरान तीनों युवतियां स्टंट करती हुईं दिखाई देती हैं।
युवतियों ने इस स्टंटबाजी का वीडियो बाकायदा शूट किया और ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है- ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो। ’ वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। लोगों ने इस तरह के स्टंट को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक काले रंग की कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर तीन युवतियां बैठी हुई थीं। कार चल रही थी और इस तरह खतरनाक परिस्थितियों में वाहन चलाकर लोगों की जान को जोखिम में डाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने वीडियो में दिख रहे नंबर के आधार पर कार की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही, संबंधित युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एएसपी के मुताबिक, कार मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही से खुद की जान के साथ दूसरे राहगीरों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है। खासकर त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही बढ़ने के कारण इस तरह का स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों और खतरनाक स्टंट के जोखिमों के बारे में लगातार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




