Uncategorized

गणेश विसर्जन झांकियों को लेकर रायपुर में आयोजकों की बैठक, सुरक्षा और यातायात पर दिए निर्देश

गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर बुधवार को सी-फोर भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की बैठक हुई। बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारियों ने झांकी आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए इस क्षेत्र में झांकियों के मार्ग में बदलाव का प्रस्ताव रखा, लेकिन गणेश समितियों के आयोजकों ने रूट बदलने पर असहमति जताई।

अधिकारियों ने बताया कि सदर बाजार में झांकियों के गुजरने के दौरान जर्जर भवनों को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। चर्चा के बाद आयोजकों ने क्षेत्र में साउंड निर्धारित मानक के अनुरूप रखने पर सहमति जताई। साथ ही डीजे के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने पर भी सहमति बनी।

पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ की ओर से सुरक्षा के संबंध में दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने की बात भी आयोजकों ने कही।

बैठक में आयोजकों को निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने तथा झांकियों को रास्ते में अनावश्यक रूप से नहीं रोकने के निर्देश दिए गए। हर झांकी के साथ पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालंटियर रखने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया।

झांकी में नशे का सेवन नहीं करने और किसी भी तरह के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करने को कहा गया।

बैठक में आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस व यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button