गणेश उत्सव से पहले राजनांदगांव पुलिस का विशेष अभियान, 7 दिनों में 127 आरोपी जेल भेजे


गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर पिछले 7 दिनों में 127 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और शरारती तत्वों पर नजर रखते हुए अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 170 बीएनएस में 98 लोगों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, अवैध हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत 26 आरोपियों को पकड़ा गया है।
इसके अलावा अवैध शराब बेचने के आरोप में आबकारी एक्ट के तहत 5 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 आरोपी को पकड़ा गया है।
पुलिस जेल से रिहा होकर आए पुराने बदमाशों और निगरानी बदमाशों पर भी नजर रख रही है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रिहाई के बाद कोई व्यक्ति फिर संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों में शामिल मिलता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने लोगों से गणेश उत्सव का पर्व बिना डर और उत्साह के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गणेश उत्सव और अन्य मौकों पर कानून-व्यवस्था, अपराध और संवेदनशील मामलों की अधिकृत जानकारी देने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
नोडल अधिकारी कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहायक नोडल अधिकारी वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक केशरीनंदन नायक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ सत्यप्रकाश तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक अजाक/क्राइम पुलिस के अनुसार ये अधिकारी जिले में मीडिया से जुड़े कार्यों का समन्वय करेंगे।
महत्वपूर्ण अपराध, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में तथ्यपरक और अधिकृत जानकारी ही साझा की जाएगी।




