.
जिला मुख्यालय से 17 किमी दूर लाटाबोड़-चारवाही-भें गारी मार्ग पर स्थित ग्राम बोरी स्थित सेमरिया नाले पर पुल निर्माण कार्य शुरू कराने सेतु विभाग ने अधिकृत एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार 3 करोड़ 11 लाख 86 हजार रुपए की लागत से 75 मीटर लंबा और 8.40 मीटर चौड़ा पुल बनेगा। एग्रीमेंट अनुसार जुलाई 2026 तक काम पूरा कराने डेडलाइन तय की गई है। इस लिहाज से अगले साल भी लोगों को मानसून सीजन में बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल सेतु विभाग का दावा है कि दीपावली पर्व के बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक काम की शुरुआत हो सकती है। ऐसे में अगले 9 माह में काम पूरा कराना चुनौती रहेगी। पुल निर्माण कार्य शुरू कराने दो साल पहले राशि स्वीकृति के बाद वर्चुअल भूमिपूजन हो चुका है। ऐसे में जल्द काम शुरू होने का दावा विभागीय अफसर कर रहें है। 2023 विधानसभा चुनाव आचार संहिता लगने के पहले शासन स्तर से प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई थी। जिसके बाद शासन व विभाग स्तर से देरी, सत्ता परिवर्तन के चलते काम ही शुरू नहीं हो पाया। जिसका खामियाजा मानसून सीजन में लोगों को भुगतना पड़ा।
निर्माण के बाद ही राहत मिलने की आस सेमरिया नाला से गुजरकर गुंडरेदही व बालोद ब्लॉक के लगभग 35 गांव के लोग गंतव्य स्थान में पहुंचते है। विधानसभा चुनाव आचार संहिता लगने के पहले प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। जिसके बाद वर्चुअल भूमिपूजन हुआ था। तब तत्कालीन एसडीओ टीएन संतोष ने दावा किया था कि आचार संहिता हटने के बाद ही जो भी प्रक्रिया बची है, उसे पूरा करवाकर काम शुरू करवाएंगे एसडीओ अशोक हरियाले का कहना है कि वर्क आर्डर जारी हो चुकी है। एग्रीमेंट अनुसार तय डेडलाइन अनुसार अधिकृत एजेंसी से काम पूरा करवाएंगे।
एप्रोच रोड की लंबाई 200 मीटर रहेगी सेमरिया नाला में पुल निर्माण के लिए शासन ने 3 करोड़ 11 लाख 86 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इसमें भू-अर्जन की राशि भी शामिल है। ऐसे में अगर भूमि अधिग्रहण की नौबत आती है तो अलग से राशि स्वीकृत नहीं होगा। स्वीकृत राशि का उपयोग किया जाएगा। हालांकि निजी जमीन आएगी या नहीं? इस संबंध में विभागीय अफसर बता नहीं पा रहें है। पुल की लंबाई 75 मीटर और चौड़ाई 8.40 मीटर रहेगी। दोनों किनारे 100-100, कुल 200 मीटर का एप्रोच रोड़ बनाने का प्लान है। सर्वे पूरा हो चुका है।
<
