छत्तीसगढ़ के धमतरी में नए साल के मद्देनजर पुलिस और जिला प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार भी मौजूद रहे। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी इस फ्लैग मार्च में 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी और पुल
.
नववर्ष 2026 के आगमन पर धमतरी जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर अविनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरा, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़ाना, असामाजिक तत्वों पर कानून का प्रभाव स्थापित करना और नववर्ष का शांतिपूर्ण स्वागत सुनिश्चित करना था।

जगह-जगह 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जिले में 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। नए साल के अवसर पर संभावित भीड़भाड़ और उत्सव को देखते हुए नाकेबंदी पॉइंट लगाए गए हैं।
सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फिक्स पिकेट, लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल, रिसॉर्ट, वाटिका और गार्डन जैसे कार्यक्रम स्थलों पर भी पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।

नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रिथ एनालाइजर से जांच होगी
पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों पर ब्रिथ एनालाइजर से जांच करने की बात कही है। ओवरस्पीड, स्टंट और रेसिंग पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। यातायात जाम से बचने के लिए मार्गों को व्यवस्थित किया गया है।
निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजाना प्रतिबंधित रहेगा और ध्वनि का स्तर नियमों के अनुरूप होना अनिवार्य है। वाहनों में डीजे लादकर चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है, उल्लंघन पर जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध लगातार प्रतिबंधात्मक और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

नए साल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने आदेश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ कोई सहिष्णुता नहीं दिखाई जाएगी। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तुरंत जांच और सत्यापन किया जाएगा। भीड़ वाले इलाकों में पुलिस की लगातार गश्त जारी रहेगी।
साथ ही, होटल, रेस्टोरेंट और पार्टी स्थलों के आयोजकों को नियमों का सख्ती से पालन कराना अनिवार्य होगा। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे नववर्ष को सुरक्षित, संयमित और जिम्मेदार तरीके से मनाएं। जनता से भी सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की प्राथमिकता रखने का आग्रह किया गया है।
<
