![]()
बलौदाबाजार के नगर भवन में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 1 अक्टूबर को आयोजित समारोह में अतिथियों ने बुजुर्गों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।
.
कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर दीपक सोनी ने बच्चों से माता-पिता की देखभाल की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि पालन-पोषण न करने की शिकायत पर नियमानुसार मासिक राशि देय होगी।
उन्होंने वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतने और लेनदेन करते समय किसी पढ़े-लिखे व्यक्ति को साथ ले जाने की सलाह भी दी।
बुजुर्गों को मिल रहा सरकार की योजनाओं का लाभ
कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि हर साल 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसमें बुजुर्गों का सम्मान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्रतानुसार दिलाया जाता है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में श्री वाटिका वृद्धाश्रम भी संचालित है, जिसके 23 बुजुर्ग समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने वृद्ध जनों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और आधार कार्ड बनवाने में अंगूठे के निशान की समस्या के लिए आई-स्कैनिंग सुविधा की जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने जानकारी दी कि जिले में लगभग 22,787 वृद्ध जनों को पेंशन प्रदान की जा रही है। 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को बिना दिव्यांगता प्रमाण पत्र के निःशुल्क छड़ी और श्रवण यंत्र दिए जाते हैं।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, चीफ ऑफ लीगल डिफेंस दीपा सोनी, गौ सेवा आयोग के सदस्य योगेश अग्रवाल, पार्षदगण, उप संचालक समाज कल्याण सिनीवाली गोयल और बड़ी संख्या में वृद्धजन उपस्थित थे।
<
