![]()
छत्तीसगढ़ के कांकेर में बाइक को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। यह घटना 20 अक्टूबर की रात को हुई, जब छोटे भाई ने बंदूक के बट से हमला कर बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे इलाज के लिए नहीं ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई
.
आमाबेड़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मंगऊ कावड़े 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे नारायणपुर से अपने घर लौटा था। उसी समय उसका बड़ा भाई मंगतु राम कावड़े, मंगऊ के घर आया और बाइक नहीं देने की बात पर विवाद करने लगा।
विवाद के दौरान चलाई गोली
विवाद के दौरान मंगतु राम ने अपने पास रखी भरमार बंदूक से मंगऊ कावड़े पर फायर कर दिया, जिससे मंगऊ के दाहिने पैर में चोट आई। इस पर मंगऊ कावड़े गुस्से में आ गया। उसने मंगतु राम से बंदूक छीन ली, उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया।
बट से सिर पर किया वार
फिर बंदूक के बट से मंगतु राम के सिर पर दो बार वार किया। इससे मंगतु राम को गंभीर चोटें आईं। मंगतु राम आंगन में घायल पड़ा रहा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मंगऊ कावड़े ने न तो उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और न ही घटना के बारे में परिवार के किसी सदस्य को बताया।
मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मंगऊ कावड़े के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
<
