एक्टिवा में छिपा बैठा था जहरीला करैत:समय रहते नजर पड़ी तो टला हादसा, खुद रेस्क्यू करने से जान का खतरा,RCRS टीम ने किया रेस्क्यू
कोरबा के पोड़ीबहार क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक्टिवा के वाइजर में जहरीला कॉमन करैत सांप छिपा मिला। परिवार की नजर समय रहते सांप पर पड़ गई, जिससे संभावित हादसा टल गया। सूचना मिलने पर वन विभाग और RCRS की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी से सांप को बाहर निकालकर सुरक्षित डिब्बे में बंद किया। अगर सांप पर नजर पड़े बिना एक्टिवा स्टार्ट कर दी जाती, तो चालक के लिए खतरा पैदा हो सकता था। घटना पोड़ीबहार निवासी अंजलि यादव के घर के बाहर की है। परिवार ने एक्टिवा में सांप को छिपा देखा तो खुद उसे निकालने की कोशिश नहीं की। वन विभाग और RCRS को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, सांप कॉमन करैत यानी घोड़ा करैत था, जो भारत में पाए जाने वाले बेहद विषैले सांपों में शामिल है। देखिये यह तस्वीरें वाइजर के संकरे हिस्से में छिपा था सांप सूचना मिलते ही RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव अपने टीम सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। सांप एक्टिवा के वाइजर जैसे संकरे हिस्से में छिपा हुआ था। ऐसी जगह से सांप को निकालने में विशेष सावधानी की जरूरत थी, क्योंकि उसे छेड़ने या पकड़ने की कोशिश में खतरा बढ़ सकता था। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर करैत को बाहर निकाला और डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। इस दौरान परिवार ने भी सांप को खुद पकड़ने या बाहर निकालने का प्रयास नहीं किया। समय पर सूचना देने और प्रशिक्षित टीम के पहुंचने से संभावित दुर्घटना टल गई। रात में ज्यादा सक्रिय रहता है कॉमन करैत कॉमन करैत रात में अधिक सक्रिय रहता है, जबकि दिन के समय अंधेरी और शांत जगहों पर छिप सकता है। घरों के आसपास, गैराज या वाहनों के ऐसे हिस्से उसे छिपने की जगह दे सकते हैं। करैत के काटने पर शुरुआत में दर्द और सूजन कम महसूस हो सकती है। हालांकि, इसका जहर तंत्रिका तंत्र पर गंभीर असर डाल सकता है। इसलिए सांप के काटने की आशंका होने पर लक्षणों का इंतजार नहीं करना चाहिए। झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी है। वाहन में सांप दिखे तो स्टार्ट न करें वन विभाग और RCRS टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, दुकान, गैराज या वाहन में सांप दिखाई देने पर उसे मारने, छेड़ने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। यदि वाहन में सांप दिखे तो उसे स्टार्ट न करें। सुरक्षित दूरी बनाकर प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। टीम के अनुसार, सांप पारिस्थितिकी तंत्र का अहम हिस्सा हैं और चूहों की संख्या नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं। इसलिए उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराना चाहिए। सांप दिखने पर इन नंबरों पर दें सूचना RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर डंडा उठाने के बजाय मदद के लिए फोन करें। रेस्क्यू संबंधी सूचना के लिए संपर्क नंबर हैं वन विभाग और RCRS टीम मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने और सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए लगातार काम कर रही है। …………….. इस से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए कोरबा में मंदिर और स्कूल में घुसे सांप:सप्तदेव मंदिर में 5 फीट का सांप, स्कूल में डारडोमी दिखा,रेस्क्यू टीम ने सांपों को सुरक्षित निकाला कोरबा जिले में सांपों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। सप्तदेव मंदिर परिसर में करीब 5 फीट लंबा सांप घुस गया, जबकि सतरेगा रोड के ग्राम माखुरपानी स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों के बीच डारडोमी सांप दिखाई दिया। ….. पढ़िए पूरी खबर




