दुर्ग पुलिस ने अपने ‘ऑपरेशन विश्वास’ अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। वैशाली नगर पुलिस ने देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि छावनी पुलिस ने एक महिला तस्कर से 4 किलोग्राम गांजा जब्त किया। दो
.
वैशाली नगर थाना पुलिस को 18 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि जवाहर नगर स्थित मां शारदा ट्रेडर्स के पास एक व्यक्ति देशी कट्टा दिखाकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सूबेदार सिंह यादव (52 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, जामुल के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में, छावनी थाना पुलिस ने 16 अक्टूबर को सी-मार्केट, पावर हाउस भिलाई क्षेत्र से एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
पुलिस ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान ए. पुष्पा (50 वर्ष), निवासी सेक्टर-11 स्वीपर मोहल्ला, भिलाई के रूप में हुई। महिला के पास से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
<
