![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज में पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामानुजगंज नगर में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल राम मंदिर में हजारों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
.
मंदिर प्रांगण दीपों की पंक्तियों से सजे थे, जिसका सौंदर्य देखने लायक था। मंदिर के मुख्य पुजारी यशपाल दुबे ने बताया कि देव दीपावली का यह पर्व नगर में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार मनाया जाता रहा है।
भगवान श्रीराम की आरती में शामिल हुए श्रद्धालु
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता स्वयं धरती पर उतरकर गंगा स्नान करते हैं और इस दिन दीपदान करने से समस्त पापों से मुक्ति मिलती है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीराम की आरती में शामिल हुए।
शाम के समय जैसे ही मंदिर परिसर में आरती शुरू हुई, पूरा वातावरण “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया परिसर
राम मंदिर के आसपास के बाजारों और गलियों को भी रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया था। मंदिर प्रबंधन समिति और नगर के युवाओं द्वारा साफ-सफाई की गई थी।
देव दीपावली के अवसर पर नगर में भक्ति, प्रकाश और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा रामानुजगंज नगर एक उत्सवमय माहौल में डूब गया।
<
