छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के कार्यों को लेकर असंतोष जताया गया है। तैराकी संघ के मौजूदा महासचिव पर खिलाड़ियों के विकास में उदासीनता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। महासचिव बदलने की मांग को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को आवेदन भी दिया गया है।
.
आरोप है कि राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं किया जा रहा, केवल एक-दो दिन के ट्रायल तक सीमित रखा जा रहा है। तैराकों को समय पर प्रमाणपत्र नहीं मिल रहे, जिलों में खेल सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही और राष्ट्रीय स्तर पर वाटर पोलो और डायविंग टीम भी नहीं भेजी जा रही है।
इसके अलावा भिलाई में तैराकों के लिए बनाए गए जिम का उपयोग केवल संघ पदाधिकारियों तक सीमित बताया गया है। राज्य में तैराकों के अभ्यास के लिए नए स्वीमिंग पूल निर्माण की कोई पहल नहीं हुई और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर भी आयोजित नहीं किए जा रहे।

इन परिस्थितियों को देखते हुए महासचिव पद पर बदलाव की मांग उठाई गई है। प्रस्ताव किया गया है कि बिलासपुर कॉर्पोरेशन तैराकी संघ के सचिव हेमंत सिंह परिहार को नया महासचिव नियुक्त किया जाए। हेमंत सिंह की टीम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और वे तैराकी खेल को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं।
<
