.
कोरिया जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर कुड़ेली सरभोका के पास स्थित गोलहाघाट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना गुरुवार सुबह की है। युवक की पहचान पटना निवासी 30 वर्षीय राहुल यादव के रूप में हुई है, जो पास के एक बिरयानी सेंटर में कार्यरत था। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को बुधवार रात 11 बजे तक कुछ लोगों के साथ घूमते देखा गया था। सूचना मिलने के बाद पटना और बैकुंठपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजन और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आएगी। फिलहाल फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी गई है।
<
