HRP नेता की हत्या की सुपारी का भंडाफोड़, पांच बदमाश गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हमर राज पार्टी (HRP) के जिलाध्यक्ष देवेंद्र साहू की हत्या का कॉन्ट्रैक्ट लेने वाले पांच आदतन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आरोपियों को फोनपे से पैसा ट्रांसफर करने वाली महिला सरपंच को भी हिरासत
.
पूरा मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। बुढ़ापारा पाररास निवासी HRP नेता देवेंद्र साहू के घर की कई दिनों से रेकी की जा रही थी। घटना वाले दिन भी कुछ बदमाश उनके घर के आसपास घूमते दिखाई दिए। शाम को जैसे ही वे घर लौटे, आरोपियों ने उन्हें बाहर बुलाने की कोशिश की।
देवेंद्र साहू घर से बाहर नहीं आए तो बदमाशों ने उनकी नई कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद पुलिस ने जांच तेज की और सुपारी किलिंग की इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

बालोद पुलिस ने कॉन्ट्रैक्ट-किलिंग में शामिल पांच बदमाशों का जुलूस निकाला।
शहर में आरोपियों की निकाली गई जुलूस
शनिवार शाम 5 बजे बालोद पुलिस ने पांच आदतन बदमाशों का शहर में जुलूस निकाला। पकड़े गए आरोपियों में अनिकेत मेश्राम (19), सूरज रंगारी (19), दानेश्वर साहू (22), मोहम्मद फैजान (21) और अभिषेक चौरे (22) शामिल हैं।इन सभी को गंगा सागर तालाब के परशुराम चौक से कचहरी परिसर तक पैदल घुमाया गया। इस दौरान बालोद थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम भी साथ थी।
जुलूस के दौरान आरोपी बार-बार कहते नजर आए- जुर्म करना पाप है, कानून हमारा बाप है।

HRP नेता देवेंद्र साहू की हत्या की सुपारी देने वाला मास्टरमाइंड अश्वनी डड़सेना
पीड़ित पक्ष को सहयोग देने पर आरोपी ने रची साजिश
बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के मुताबिक HRP नेता देवेंद्र साहू ने जमीन धोखाधड़ी मामले में पीड़ित जेठूमल का साथ दिया था। इसी बात से नाराज होकर जेल में बंद अंगारी निवासी आरोपी अश्वनी डड़सेना ने देवेंद्र साहू को अपना दुश्मन मान लिया। इसी वजह से उसने जेल के अंदर बैठकर ही देवेंद्र साहू को नुकसान पहुंचाने की पूरी साजिश रच डाली।
CCTV कैमरे ने HRP नेता की हत्या की पूरी प्लानिंग फेल की
जेल में बैठा मास्टरमाइंड देता रहा लालच, बाहर गिरोह ने दी वारदात को अंजाम
1. जेल से रची गई हत्या की साजिश
पूरे मामले की जांच कर रहे एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड अश्वनी डडसेना है। बालोद जेल में रहते हुए वह बंदियों के बीच यह बात फैलाता रहता था कि देवेंद्र साहू को मारने या नुकसान पहुंचाने वाले को जमीन, गाड़ी-मोटर, बंगला- जो मांगेगा वह दिया जाएगा। तिजोरी खोल दी जाएगी।
2. सुपारी के बदले जमीन–बंगला–गाड़ी का लालच
जेल में बंद दल्लीराजहरा निवासी मोहम्मद फैजान उससे संपर्क में आया और लालच में आ गया। एसडीओपी के अनुसार फैजान ने अपने बयान में बताया है कि अश्वनी डडसेना ने कहा था कि हत्या करने पर 2 एकड़ जमीन, बंगला और गाड़ी, अपंग बनाने पर 10 लाख रुपए, कार जलाने पर 1-1 लाख रुपए दिया जाएगा। सारा पैसा उनकी पत्नी देगी। इसके बाद फैजान ने सुपारी स्वीकार कर ली।
3. दल्लीराजहरा से तैयार किया गया गिरोह, कई दिनों तक रेकी
18 नवंबर को जेल से छूटने के बाद फैजान ने दल्लीराजहरा के लड़कों को इकठ्ठा करना शुरू किया। उसने अनिकेत मेश्राम को राजी किया, फिर अनिकेत ने सूरज रंगारी और दानेश्वर साहू को शामिल किया। चारों ने कई दिनों तक देवेंद्र साहू की गतिविधियों की रेकी की। 1 दिसंबर को फैजान ने अनिकेत, सूरज और दानेश्वर को बाइक से बालोद भेजा, जहां अभिषेक चौरे ने घटना को अंजाम देने की व्यवस्था की।
4. CCTV कैमरे ने बचा ली जान, बाहर नहीं निकला देवेंद्र
शाम 7.30 बजे तीनों आरोपी देवेंद्र साहू के घर पहुंचे। उन्होंने देवेंद्र को दूर बुलाकर चाकू मारकर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन घर के बाहर लगे CCTV कैमरे को देखकर वे पीछे हट गए। जब तीनों ने फैजान को इसकी जानकारी दी तो फैजान ने उनसे कहा – कार में आग लगाकर लौट आओ। रात 9.05 बजे आरोपियों ने नई ब्रेज़ा कार में आग लगाई और भाग निकले।
5. जांच में खुला हाई-प्रोफाइल गैंग का जाल, 5 आदतन बदमाश गिरफ्तार
कार जलने की घटना की जांच शुरू होते ही कई नाम सामने आए। पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान कर 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया।

एसडीओपी ने कहा- मास्टरमाइंड जेल के अंदर बैठकर पूरी कमांड दे रहा था।
एसडीओपी देवांश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि अश्वनी डड़सेना जेल के अंदर से ही लगातार बाहर लड़कों को निर्देश देता रहा। घटना वाले दिन अश्वनी की पत्नी द्वारा आरोपियों के नंबर पर 7,000 रुपए फोनपे से भेजा गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
आदिवासी समाज द्वारा तैयार की गई पार्टी का नेता है देवेंद्र साहू
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, आदिवासी नेता विनोद नागवंशी सहित आदिवासी समाज के बड़े पदाधिकारियों द्वारा तैयार की गई हमर राज पार्टी के नेता हैं देवेंद्र साहू। पूर्व में देवेंद्र क्रांति सेना और कई आंदोलनों का प्रमुख चेहरा रहे हैं। इसलिए यह मामला और भी हाई-प्रोफाइल हो गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

जिलाध्यक्ष देवेंद्र साहू बोले- मेरे नाम की सुपारी तक दी गई, न्यायपालिका से न्याय की उम्मीद।
हमर राज पार्टी बालोद जिलाध्यक्ष देवेंद्र साहू ने कहा- मैं हमर राज पार्टी का जिलाध्यक्ष हूं। दूर-दूर से लोग अपनी समस्याओं को लेकर पार्टी कार्यालय आते हैं। इसी क्रम में जेठूमल भी आया था। उसकी जमीन खरीदने के नाम पर उससे 65 लाख रुपए की ठगी की गई थी। उसके आवेदन के बाद पार्टी ने पीड़ित का सहयोग किया और इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
इसके बाद से आरोपी अश्वनी डड़सेना द्वारा कई गुंडों के माध्यम से मुझे कई बार जान से मारने की धमकी दी गई। मैं पहले से सतर्क था, इसलिए घर के बाहर CCTV कैमरा लगा रखा था। इससे पहले भी कुछ लोगों ने मेरे नाम की सुपारी ली थी, उसके सबूत भी मैंने पुलिस प्रशासन को सौंप दिए हैं। अब न्यायपालिका से ही न्याय की उम्मीद है।
………………………………………….
क्राइम से जुड़ी से खबर भी पढ़ें
छाती पर लात मारी, बाल पकड़कर जमीन पर पटका…VIDEO:2 लड़कियों ने 2 बहनों को घसीट-घसीटकर पीटा; पुरानी रंजिश में वारदात, बॉयफ्रेंड-परिजन भी थे साथ

जांजगीर-चांपा में पुरानी रंजिश पर दो लड़कियों ने दो बहनों की पिटाई कर दी।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर 2 लड़कियों ने 2 बहनों की बुरी तरह पिटाई कर दी। दोनों लड़कियों ने दोनों बहनों को लात-घूंसों से मारा। बाल खींचकर घसीटा। छाती पर लात मारी। इस दौरान आरोपी लड़कियों के परिजन और बॉयफ्रेंड भी साथ था। इस मारपीट में दोनों बहनों को गंभीर चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर…
<
