बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार द्वारा जमीन की गाइडलाइन दरों में की गई बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताया है। विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस फैसले को ‘अदूरदर्शी’ करार दिया।
.
मंडावी ने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ ने गाइडलाइन दरों में 10 से 100 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। उनके अनुसार, इस बढ़ोतरी से आम जनता, किसानों और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े लोगों पर भारी वित्तीय बोझ पड़ेगा।

मंडावी ने गाइडलाइन दर बढ़ाने को बताया गलत
विधायक मंडावी ने दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से भूमि की सरकारी दरें 40 से 130 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि इससे प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ेगी और आर्थिक मंदी गहराएगी।
मंडावी ने यह भी कहा कि इस निर्णय से मकान, दुकान और फैक्ट्री बनाने की लागत में वृद्धि होगी, जिससे जमीन की खरीद-बिक्री लगभग रुक जाएगी और निर्माण क्षेत्र में कार्यरत लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।
मंडावी ने अन्य बड़े शहरों जैसे मुंबई, पुणे, हैदराबाद और दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गाइडलाइन दरों में एक बार में अधिकतम 10-15 प्रतिशत की ही वृद्धि की जाती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक साल के भीतर 130 से 500 प्रतिशत तक की वृद्धि को ‘आम जनता के साथ अन्याय’ बताया।
<
