.
आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य मुद्दों को लेकर 13 अक्टूबर को गोंडवाना समाज छग और भीम आर्मी भारत एकता मिशन कलेक्ट्रेट घेराव करेगा। इससे पहले आदिवासी मंगल में भवन में आम सभा होगी और पुतला दहन किया जाएगा।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने विशेष तैयारी की है। कबीरधाम पुलिस ने शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। शहर में संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने चार प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की है। इनमें आदिवासी मंगल भवन के पास दुर्गावती चौक, राजमहल रोड- दुर्गावती चौक से राजमहल कॉलोनी मोड़ तक, करपात्री स्कूल के मुख्य द्वार के सामने और मंगल भवन से पीजी कॉलेज मार्ग पर बैरिकेडिंग रहेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए लगभग 700 पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था ड्यूटी में तैनात हैं। इनमें जिले के विभिन्न थाने, अन्य जिलों और पुलिस कैंप के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन व पुलिस अलर्ट हो गई है।
उपद्रव बर्दाश्त नहीं करेंगे तत्काल गिरफ्तारी होगी एसपी धर्मेंद्र सिंह ने साफ कहा है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से हो। किसी भी प्रकार की हिंसा, उपद्रव या सरकारी/सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट मार्ग और आसपास के इलाकों में अस्थायी यातायात प्रतिबंध रहेगा, इसलिए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने अपील की है।
<
