![]()
सीएम साय ने रविवार को मुंगेली जिले का दौरा किया। उन्होंने नगर के कई चौक-चौराहों पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण किया। यह आयोजन सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविरों के साथ किया गया, जिसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टोरेट कार्यालय के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत आधारशिला प्रदान की। उनका जीवन शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणादायी मिसाल है। देखिए तस्वीरें… गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता का दिया संदेश- सीएम इसके बाद मुख्यमंत्री ने दाऊपारा स्थित गुरु घासीदास बाबा की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। उन्होंने बताया कि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज को एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं। महाराणा प्रताप का जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा मुख्यमंत्री ने पड़ाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने महाराणा प्रताप को भारतीय इतिहास का महान योद्धा बताते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। भक्त माता कर्मा सेवा, श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक मुख्यमंत्री साय ने रायपुर रोड तिराहा में भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा सेवा, श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को मानव सेवा, भक्ति, परोपकार और संस्कारों की प्रेरणा देता है। इन प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम के दौरान नगर में उत्साह, श्रद्धा और गौरव का वातावरण रहा। इस अवसर पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
<
