छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे वन्यजीवों के शिकार मामले में हाईकोर्ट ने वन विभाग से जवाब मांगा है।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बाघ के शिकार के 2 दिन बाद कवर्धा जिले में 2 बायसन (गौर) और 1 तेंदुए का भी शिकार हुआ है। शिकारी बाघ के दांत और नाखून उखाड़कर ले गए थे। वहीं कवर्धा के जंगल में आरोपियों ने छोटे जानवरों के शिकार के लिए करंट का तार बिछाया था
.
कवर्धा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के घर से भुना हुआ मांस, सुअर के दांत, मोर के पैर सहित कई आपत्तिजनक सामान मिले। वन्यजीवों के शिकार के मामले हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर सख्ती दिखाई है। PCCF से व्यक्तिगत शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है।

सूरजपुर जिले में बाघ के पीठ पर मिले जलने के निशान।
सूरजपुर में बाघ का शिकार, दांत-नाखून उखाड़े
सूरजपुर के गुरु घासीदास-तैमोर-पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र में सोमवार (15 दिसंबर) को एक बाघ मृत हालत में मिला था। मंगलवार को वन विभाग की निगरानी में बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
बाघ की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि बाघ के नाखून और दांत गायब मिले। बाघ के जबड़े और पीठ में जलने के निशान मिले थे।

कवर्धा में करंट तार की चपेट में आए बायसन की मौत।
कवर्धा में 2 बायसन का शिकार
कवर्धा वन परिक्षेत्र के ग्राम जामपानी में 16 दिसंबर को 2 बायसन (गौर) मृत अवस्था में मिले। जिसके बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद ली गई। डॉग स्क्वॉड आरोपी कुंवर सिंह बैगा और दशरू बैगा के घर पहुंचा। जहां आरोपियों के घर से जीआई तार, भुना हुआ मांस, सुअर का दांत, मोर का पैर सहित अन्य आपत्तिजनक सामान मिले।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने छोटे वन्यप्राणियों के शिकार के लिए तार बिछाकर बिजली प्रवाहित की गई थी। जिसकी चपेट में दुर्भाग्यवश बायसन आ गया। बायसन के शिकार की उनकी कोई मंशा नहीं थी। पुलिस ने कार्रवाई के बाद नियमानुसार शवों का अंतिम संस्कार किया।

तेंदुए के शव के साथ 21 किलोग्राम जीआई तार बरामद किया गया है।
तेंदुए का 1 हफ्ते पुराना शव मिला
कवर्धा वनमंडल के सहसपुर लोहारा वन परिक्षेत्र में एक तेंदुआ मृत अवस्था मिला। जो एक हफ्ते पुराना था। बताया जा रहा है तेंदुए की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है। जहां शव मिला वहां आसपास 21 किलोग्राम जीआई तार बरामद किया गया है।
शव का सिर का पूरी तरह से सड़ गया था। रीढ़ की हड्डी, पैर और पूंछ जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। वन विभाग इस मामले में ग्रामीणों से पूछताछ कर रहा है। इस मामले में मुख्य वन संरक्षक अमित कुमार ध्रुव ने कार्रवाई करते हुए परिसर रक्षक मोतिमपुर शिव साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

शिकारियों के घर से भुना मांस, सुअर के दांत, मोर के पैर सहित कई आपत्तिजनक सामान मिले।
DFO बोले- ऐसी घटनाओं को रोकने कार्रवाई जारी रहेगी
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। कबीरधाम DFO निखिल अग्रवाल ने कहा कि वन विभाग वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के शिकार की लगातार हो रही घटनाओं पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) से व्यक्तिगत शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने पूछा है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग के पास क्या इंतजाम है।
……………………………….
इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें…
सूरजपुर में करंट लगाकर बाघ का शिकार, हाईकोर्ट सख्त: मारने के बाद नाखून-दांत उखाड़कर ले गए शिकारी; PCCF को व्यक्तिगत-शपथपत्र के साथ देना होगा जवाब

बाघ के शिकार को लेकर हाईकोर्ट ने जनहित याचिका मानकर की सुनवाई।
छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के शिकार की लगातार हो रही घटनाओं पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। सूरजपुर के घुई वन परिक्षेत्र में करंट लगाकर बाघ का शिकार करने के मामले में हाईकोर्ट ने PCCF से व्यक्तिगत शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है। पढ़ें पूरी खबर…
<
