![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में एक छोटे से विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। भैंसा बेचने के पैसों को लेकर हुए झगड़े में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना ग्राम देवसराकला की है। यहां 63 वर्षीय धारी उरांव और आरोपी संजीत उरांव उर्फ भगत एक ही गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, भैंसा बिक्री को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी ने भैंसा 15,500 रुपये में बिकवाया था, जबकि मृतक उसे 16,500 रुपये में बेचना चाहता था। इसी 1000 रुपये के अंतर को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। आरोपी ने थाली से बुजुर्ग पर किया था हमला 6 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी अपने घर के बाहर खाना खा रहा था। तभी धारी उरांव वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने थाली से हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान हुई मौत परिजन घायल धारी उरांव को पहले शंकरगढ़ अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान 21 फरवरी 2026 को उनकी मौत हो गई। रायपुर से मर्ग डायरी आने में देरी हुई। इसके बाद परिजनों के बयान के आधार पर कुसमी थाना में मामला दर्ज किया गया। पहले मारपीट की धाराओं में केस दर्ज हुआ था, लेकिन मौत के बाद धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ दी गई। पुलिस ने आरोपी संजीत भगत को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 18 अप्रेल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
<
