खेल

छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक, छह टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ खेल के क्षेत्र में एक नया इतिहास बनाने जा रहा है। बिलासपुर छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। यह लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेली जाएगी, जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। इस लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है।

यह बड़ी घोषणा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में की। इस दौरान उन्होंने एशियन गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी उन्हें सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख रुपए का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। इसके तहत तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता के चेक भी दिए गए। खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने इसी बहतराई केंद्र में प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित करने का भी जरिया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में करीब 6 करोड़ रुपए से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित कई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपए से वातानुकूलन समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कुल करीब 16 करोड़ रुपए की खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।

इस अवसर पर बीजेपी अध्यक्ष दीपक सिंह, राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button