Uncategorized

छत्तीसगढ़ NEET काउंसिलिंग तीसरे चरण की आवंटन सूची जारी, 15 अक्टूबर तक कराएं दस्तावेज सत्यापन

छत्तीसगढ़ में NEET UG काउंसिलिंग के तीसरे चरण यानी मॉप-अप राउंड की आवंटन सूची जारी हो गई है। इसके तहत प्रदेश में MBBS और BDS की कुल 431 सीटें खाली हैं। इनमें MBBS की 206 और BDS की 225 सीटें शामिल हैं। आवंटित सीटों पर प्रवेश लेने के लिए अभ्यर्थियों को 15 अक्टूबर तक दस्तावेजों का सत्यापन और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर प्रवेश का मौका हाथ से निकल सकता है।

तीसरे चरण में आवंटित सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। दस्तावेजों के सत्यापन की अंतिम समय-सीमा 15 अक्टूबर शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं, संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित केंद्रों पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। अवकाश के दिनों में भी संबंधित केंद्र खुले रहेंगे और प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।

शासकीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित कॉलेज में किया जाएगा। निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी। वहीं, निजी डेंटल कॉलेजों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में किया जाएगा।

सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश नहीं लेने या प्रवेश लेने के बाद सीट छोड़ने पर नियमानुसार अभ्यर्थी की जमा सिक्योरिटी या पंजीयन राशि जब्त की जा सकती है। ऐसे अभ्यर्थी चालू शैक्षणिक सत्र की आगे की काउंसिलिंग प्रक्रिया से भी बाहर हो सकते हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को प्रवेश से जुड़े नियमों और समय-सीमा का ध्यान रखना होगा।

अभ्यर्थी काउंसिलिंग, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट cgdme.admissions.nic.in पर देख सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button