छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर, 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; बस्तर में स्कूल बंद, 2 ट्रेनें और फ्लाइट रद्द

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर से बारिश हो रही है। रायपुर के सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लोगों के घरों में भी नालियों का पानी घुस गया है।

सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं। पानी भरने से कई गांव टापू में बदल गए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से इंद्रावती नदी उफान पर है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के चलते बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद हैं।

भारी बारिश के कारण रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुआ है। इसके चलते आज (25 सितंबर) किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। बारिश के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।

बस्तर जिले में लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आज (25 सितंबर) भी जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। 24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रहे। 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।

गरियाबंद में 24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। इससे 10 साल पहले आई बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गरियाबंद और कांकेर में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने आज से होने वाली त्रैमासिक परीक्षा रद्द कर दी है। सिकासार बांध से सुरक्षा के लिए 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

गरियाबंद के देवभोग और अमलीपदर में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। तेल और सुखतेल नदी समेत कई बरसाती नाले उफान पर हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और हजारों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं। लोग रातभर घर का सामान बचाने में जुटे रहे।

बारिश के बीच इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जलमग्न होने की आशंका वाले रपटों और पुल-पुलियों पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। अगले 24 घंटे में प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगह भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके धीरे-धीरे कमजोर होने के बावजूद इसका असर छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

बालोद में 24 घंटे से तेज बारिश, रायपुर-जगदलपुर NH-30 के मरकाटोला घाट में गुरुवार रात पहाड़ से चट्टानें और बड़े पत्थर गिर गए। पुलिस ने पत्थर हटाकर रास्ता खुलवाया, बड़े पत्थरों को JCB से हटाया जा रहा है; दोबारा पत्थर गिरने की आशंका से एक तरफ से ट्रैफिक चलाया जा रहा है। बालोद, डौंडी-डौंडीलोहारा, देवरी, अर्जुन्दा, गुंडरदेही और गुरुर में नदी-नाले उफान पर हैं, खेतों में पानी भर गया है। बालोद शहर के बस स्टैंड, शिकारीपारा, कुंदरूपारा, रेलवे कॉलोनी और गंजपारा में जलभराव है। बारिश के चलते आज जिले के सभी शासकीय, अर्धशासकीय और निजी स्कूल बंद हैं।

धमतरी में लगातार बारिश से जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। गंगरेल 98.14%, मुरुमसिल्ली 100%, दुधावा 97.21% और सोदूर 88.18% भर चुका है। गंगरेल के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसमें 48,950 क्यूसेक महानदी और 6,000 क्यूसेक नहर में जा रहा है। मुरुमसिल्ली से 7,286, दुधावा से 16,606 और सोदूर से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से महानदी समेत आसपास की नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

रायपुर में रातभर से बारिश जारी है। आज शहर का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button