Uncategorized

छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी: राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का वॉट्सऐप हैक, पैसे मांगने के मैसेज भेजे

छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों ने राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम को निशाना बनाया है। दोनों जनप्रतिनिधियों का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर ठगों ने उनके परिचितों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अलर्ट किया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

सांसद फूलो देवी नेताम के वॉट्सऐप नंबर से बुधवार को साइबर ठगों ने परिचितों को मैसेज कर पैसे मांगे। हैकर ने 65 हजार रुपए की मांग की और अगले 2 घंटे में लौटाने की बात कही। बताया जा रहा है कि हैक किए गए वॉट्सऐप अकाउंट से छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को मैसेज भेजा गया, जिसमें उनसे 65 हजार रुपए भेजने के लिए कहा गया था। उषा राठौर ने तुरंत इसकी जानकारी सांसद फूलो देवी नेताम को दी।

सांसद फूलो देवी नेताम ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनका वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने साथियों, शुभचिंतकों और परिचितों से अपील की है कि उनके वॉट्सऐप नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज, कॉल, लिंक या पैसे मांगने वाले अनुरोध पर भरोसा न करें। उन्होंने लोगों से निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की है। सांसद ने बताया कि अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया चल रही है।

दूसरे मामले में कोरबा के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम को भी साइबर ठगों ने निशाना बनाया है। विधायक के पास पार्सल से जुड़ा वॉट्सऐप कॉल आया था। इस पर बातचीत के कुछ देर बाद उनका वॉट्सऐप हैक हो गया। इसके बाद उनके वॉट्सऐप नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजे जा रहे हैं। मैसेज में 76 हजार रुपए की अर्जेंट जरूरत बताई जा रही है।

विधायक तुलेश्वर मरकाम के नंबर से भेजे गए मैसेज को कई लोगों ने सच मान लिया और उन्हें लगा कि विधायक को वास्तव में पैसों की जरूरत है। वहीं, कुछ जागरूक लोगों ने विधायक को सीधे फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनका वॉट्सऐप हैक हो चुका है और उनके नंबर से फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के जरिए बताया कि उनका नंबर हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा नहीं करने की अपील की। विधायक ने साफ किया कि उन्हें किसी भी तरह के पैसों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वॉट्सऐप से पैसे मांगने वाले मैसेज हैकर्स की ओर से भेजे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की।

विधायक ने मामले की सूचना पाली थाना प्रभारी को दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि विधायक ने मोबाइल हैक होने की जानकारी दी है। मामले को साइबर सेल के पास भेजा गया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस तरह के साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब जनप्रतिनिधियों के नंबर से भी पैसे मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर इसकी पुष्टि करें। इसके बाद ही कोई रकम भेजें।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की ओर से साइबर ठगी को लेकर लगातार लोगों को सतर्क किया जाता है। किसी परिचित के नंबर से भी पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले फोन करके इसकी पुष्टि करें। अनजान लिंक या APK फाइल न खोलें। OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। वित्तीय साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें। साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी की जा सकती है।

इससे जुड़ी एक अन्य घटना में रायपुर दक्षिण से भाजपा विधायक सुनील सोनी से साइबर ठगी की कोशिश हुई है। विधायक के पास अज्ञात नंबर से कॉल आया था। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। ठग ने उनसे इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी बनकर बात की और 5 मिनट तक धमकाते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button