खेल

छत्तीसगढ़ बनेगा देश का पहला राज्य, जहां होगी राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी लीग: अरुण साव

छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है।

यह घोषणा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में की।

उप मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी उन्हें सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख रुपए का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता के चेक भी दिए गए।

खिलाड़ियों के परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

साव ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने इसी केंद्र में प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित करने का भी जरिया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर लगातार काम कर रही है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में करीब 6 करोड़ रुपए से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए से वातानुकूलन समेत अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपए की खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है।

इस अवसर पर बीजेपी अध्यक्ष दीपक सिंह, राज्य हॉकी संघ अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button