Uncategorized

छात्रावास अधीक्षक की नौकरी का झांसा देकर सफाई कर्मचारी से 14 लाख की ठगी, कान्स्टेबल समेत 5 के खिलाफ केस

कोरिया जिले में स्कूल के सफाई कर्मचारी को छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने आईजी कार्यालय अंबिकापुर में पदस्थ कान्स्टेबल, उसकी पत्नी, भाजपा नेता और एडवोकेट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। मामला कोतवाली बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, आमापारा स्कूल में पदस्थ सफाई कर्मचारी संतोष कुमार सारथी ने कोरिया एसपी को लिखित शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी पहचान आईजी कार्यालय अंबिकापुर में पदस्थ कान्स्टेबल राजकुमार लकड़ा की पत्नी अनुराधा भगत से पहले से थी। अनुराधा भगत का मायका सरभोका में है और आमापारा में उनकी जमीन भी है।

शिकायत के अनुसार, साल 2024 में छात्रावास अधीक्षक के पदों पर भर्ती का विज्ञापन निकला था। इसी दौरान अनुराधा भगत ने संतोष कुमार सारथी को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी छात्रावास अधीक्षक के पद पर लगवा देगी। इसके लिए उसने 15 लाख रुपए की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक पद की परीक्षा से पहले अनुराधा भगत ने संतोष कुमार सारथी से किश्तों में 12 लाख 30 हजार रुपए नगद लिए। इसके अलावा उसके कहने पर अलग-अलग खातों में भी रुपए ट्रांसफर कराए गए। संतोष ने ग्राहक सेवा केंद्रों के जरिए कान्स्टेबल के खाते में 40 हजार, अनुराधा के पिता जोखनलाल के खाते में 20 हजार और रायपुर निवासी भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत के खाते में 40 हजार भेजे। इसके अलावा 14 हजार रुपए एडवोकेट आशीष तिवारी को भेजे गए। बाद में नगद राशि डॉ. प्रकाश अनंत के खाते में फोन-पे के जरिए ट्रांसफर की गई।

शिकायत में संतोष ने बताया कि 5 जनवरी 2025 को कटघोरा के एक होटल में अनुराधा भगत और उसके पति कान्स्टेबल राजकुमार लकड़ा ने उसकी मुलाकात भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत से कराई थी। डॉ. प्रकाश अनंत ने भी उसे भरोसा दिलाया कि उसकी नियुक्ति हो जाएगी। छात्रावास अधीक्षक पद का रिजल्ट जारी हुआ तो संतोष का नाम सूची में नहीं आया। इसके बाद आरोपियों ने उसे अलग से नियुक्ति कराने का झांसा दिया। डॉ. प्रकाश अनंत ने फोन पर संतोष से कहा कि उसका नाम तीसरी सूची में आएगा।

संतोष कुमार सारथी ने नौकरी नहीं लगने पर आरोपियों से पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इस पर उसे फर्जी केस में फंसाने और हत्या करने की धमकी दी गई। संतोष ने शिकायत में बताया कि उसने कई लोगों से कर्ज लेकर रुपए दिए थे। अब कर्ज देने वाले लोग उससे पैसे वापस मांग रहे हैं।

कोरिया एसपी ने शिकायत की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अनुराधा भगत (38), कांस्टेबल राजकुमार लकड़ा (42), दोनों निवासी पुलिस लाइन अंबिकापुर, डॉ. प्रकाश अनंत, प्रदेशाध्यक्ष छत्तीसगढ़ भाजपा मजदूर संघ, बिलासपुर, एडवोकेट आशीष तिवारी, रायपुर और जोखन लाल, अनुराधा के पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button