चाकू चलाने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है।
दुर्ग जिले के भिलाई में नवरात्रि पर निकली माता की चुनरी यात्रा के दौरान 2 समुदाय में मारपीट हो गई। शनिवार (27 सितंबर) शाम चटाई पारा स्थित शीतला मंदिर से यात्रा निकली थी। आरोप है कि जब यात्रा शारदा पारा पहुंची तो कुछ बच्चों ने गाली गलौज की, जिसके बाद
.
मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है बच्चों से विवाद शुरू हुआ था, इसमें बड़े भी शामिल हो गए। दोनों पक्ष के 6 लोगों को चोट आई है। चुनरी यात्रा में शामिल लोगों ने चाकू से मारने का आरोप लगाया वहीं शारदा पारा के लोगों ने बांस, पाइप पत्थर से मारने का आरोप लगाया।
मामला इतना बढ़ गया कि आधी रात बजरंग दल समेत चुनरी यात्रा के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। जिसके बाद फोर्स तैनात करना पड़ा। थाने के चारों तरफ CF के जवानों की तैनाती कर दी गई। जिसके बाद शारदा पारा के रहने वाले 2 आरोपियों पर मामला दर्ज हुआ है।

मामला इतना बढ़ गया कि आधी रात पुलिस बल तैनात किया गया।
सोनकर समाज ने निकाली थी चुनरी यात्रा
घटना करीब 8 बजे रात की है। नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर सोनकर समाज ने चुनरी यात्रा निकाली थी। यात्रा शीतला मंदिर से होते हुए जब गायत्री मंदिर के पास पहुंची तो यहां पर पीछे की तरफ बच्चे प्रसाद बांट रहे थे। चुनरी यात्रा आगे निकल चुकी थी।
विवाद पीछे की ओर हुआ। बच्चों के बीच गाली-गलौज से मामला शुरू हुआ। लेकिन इसमें बड़े लोग भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ता देख मारपीट और चाकूबाजी भी हो गई। इस घटना में मुकेश सोनकर, आकाश सोनकर, कमल सोनकर और उमेश सोनकर को चोट लगी है। घायलों में राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोनकर भी शामिल हैं।

कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने किया छावनी थाना का घेराव।
चुनरी यात्रा पर पत्थरबाजी का आरोप
हिंदू संगठन और चुनरी यात्रा में शामिल के समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि चुनरी यात्रा के दौरान पत्थरबाजी भी की गई है। हालांकि पुलिस ने इस मामले की पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार किया और थाने लेकर आ गई।
देर रात छावनी थाने का घेराव
बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम से भिलाई में निकली चुनरी यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंच रहे थे। जब बाकी पदाधिकारी शारदा पारा पहुंचे तो उस वक्त यहां पर विवाद चल रहा था।
देखते ही देखते बच्चों की लड़ाई सांप्रदायिक तनाव में बदल गई। बजरंग दल के सभी पदाधिकारी और समाज के लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर छावनी थाने का घेराव कर दिया। रात के 12.30 बजे तक थाना परिसर में बजरंग दल और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर बुलानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स
देर रात छावनी थाने में दो पक्षों के लोग जमा होने लग गए। किसी भी तरह से स्थिति खराब न हो इसको लेकर छावनी थाना के चारों तरफ सीएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई। थाना परिसर में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए।
थाना परिसर में सोनकर समाज और बजरंग दल के लोगों ने जमकर नारेबाजी की और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उस क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और अपराधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

थाना परिसर के चारों तरफ पुलिस बल के जवान देर रात तक तैनात रहे।
आरोपियों को भी लगी चोट
घटना के दौरान विवाद करने वाले दो आरोपियों साहिल कुरैशी और सोनू कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों को भी सर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। आरोपियों ने बताया कि उनके ऊपर पत्थरों और लाठी से हमला किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस मामले में जिस नाबालिग के साथ विवाद की शुरुआत हुई, उसके बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पतासाजी कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए रात में ही टीम बनाकर रवाना कर दिया गया है।
बजरंग दल ने कहा- आरोपियों की जांच, ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं
राष्ट्रीय बजरंग दल ने इस मामले में कहा कि नवरात्रि को लेकर हमारी ओर से शस्त्रपूजन, कन्या पूजन और चुनरी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जैसे हम कार्यक्रम में पहुंचे तो कार्यक्रम में विवाद शुरू हो गया। हमारे महामंत्री को गहरी चोट आई है। खंजर के द्वारा हमला किया गया है।
चार लोग हमला किए हैं। हथियारों के साथ ये तैनात थे। सोनकर समाज की रैली थी। पार्षद गफ्फार कार्यालय के सामने ये घटना हुई है। उनके क्षेत्र में लगातार अपराधियों को संरक्षण मिलता है। हिंदू समाज की रैलियों पर इस तरह की घटनाएं हो रही है।
यहां पर बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं। बाहर के लोग आकर वोट करते हैं। इनका यहां पर मतदाता सूची में नाम तक नहीं है। फर्जी वोटर कार्ड बनाकर यहां पर लोग रह रहे हैं। प्रशासन को घटना की पूरी जानकारी दी गई है और उन पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
जानिए जिन्हें चोट लगी उन्होंने क्या कहा
मुकेश सोनकर : राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुकेश कुमार सोनकर ने कहा कि चुनरी यात्रा निकल रही थी। शीतला मंदिर से होते हुए शारदा पारा के बीच कुछ लड़कों द्वारा गाली गलौज और पत्थरबाजी की गई। कुछ लड़के हथियार के साथ आ कर मारना चालू कर दिए।
कुछ लोगों को गहरी चोट लगी है। मुझे भी चोटें आई हैं। अभी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है तीन लोग अभी भी बाहर हैं। हमने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में अपराधियों के ऊपर ऐसी कार्रवाई करें कि आने वाले समय में इस तरह की दूसरी घटना न हो।
उमेश सोनकर : घायल उमेश सोनकर ने कहा कि चुनरी यात्रा शीतला मंदिर से होते हुए गायत्री मंदिर के पास आई। वहां पर के लड़के गाली गलौज करने लग गए। वहां पर मौजूद लड़कों ने मना किया। लेकिन उन्होंने विवाद करने के बाद पथराव भी किया। इसके बाद दो लड़के चाकू लेकर आए और मारने लगे। जिसमें मुझे और मोहल्ले के अन्य लड़कों को भी चोट लगा है।
कमल सोनकर: कमल सोनकर ने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी हमने चुनरी यात्रा निकाली थी। शीतला माता की हमारी चुनरी है। हम चुनरी हर साल माता रानी को चढ़ाते हैं। कुछ अज्ञात लड़कों और बच्चों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गया।
बाद में विवाद बढ़ गया और कुछ लड़के खंजर निकाल कर मारना शुरू कर दिए। मैंने कहा भाई मत करो, लेकिन मुझे भी मार दिए। वहां पर अज्ञात कई लोग थे। लेकिन खंजर केवल एक लड़के ने ही निकाला था।

बच्चों की लड़ाई में शामिल हुए बड़े लोग, करेंगे सख्त कार्रवाई
सीएसपी हेमप्रकाश नायक ने कहा कि चुनरी यात्रा निकली हुई थी। गायत्री मंदिर के पास जब यात्रा पहुंची तो पीछे बच्चे लोग प्रसाद बांट रहे थे। बच्चों-बच्चों में लड़ाई हुआ। इसमें कुछ बड़े लोग आ गए। लोग आपस में एक दूसरे को नहीं पहचानते थे। लोगों को लगा की लड़ाई झगड़ा हो रहा है तो इसके बाद हाथापाई शुरू हो गई।
इस दौरान एक सोनू नाम का लड़का है, उसके बड़े भाई के साथ विवाद हो रहा था तो वो चाकू लेकर आ गया। उसने वहां चाकू चलाया। सोनू कुरैशी और साहिल कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है।
महिलाएं चुनरी यात्रा में शामिल थे। इस तरह की घटनाओं की वजह से वे भी नाराज थीं। अपने लोगों के साथ जब इस तरह की घटनाएं होती है तो आक्रोश होना स्वाभाविक है।
<
