Uncategorized

CGPSC घोटाले के आरोपी टामन सोनवानी को VIP सुविधा का वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन सख्त, बंदियों की एस्कॉर्ट व्यवस्था कड़ी

CGPSC भर्ती परीक्षा-2021 घोटाले के आरोपी टामन सिंह सोनवानी को आंबेडकर अस्पताल में कथित VIP सुविधा मिलने का वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने बंदियों की एस्कॉर्ट व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोनवानी की सुरक्षा में तैनात तीन जेल प्रहरियों को बर्खास्त किए जाने के बाद जेल से इलाज, कोर्ट या प्रशासनिक काम के लिए बाहर निकलने वाले बंदियों की निगरानी के नए नियम लागू किए गए हैं।

जेल मुख्यालय एवं सुधारात्मक सेवाएं ने सभी जेल अधीक्षकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जेल मुख्यालय एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने 1 अक्टूबर को सभी जेल अधीक्षकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

आदेश के मुताबिक, विचाराधीन, सजा काट रहे या अन्य बंदियों को जेल से बाहर ले जाते समय सुरक्षा कर्मियों के साथ उपलब्धता के आधार पर सहायक जेल अधीक्षक या उससे वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी जरूरी होगी। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जेल कर्मचारियों को बॉडी-वॉर्न कैमरा भी पहनना होगा। इससे बंदी को जेल से बाहर ले जाने से लेकर वापस जेल पहुंचाने तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड की जा सकेगी।

जिन मामलों में बंदियों को पुलिस की सुरक्षा में जेल से बाहर ले जाया जाएगा, उनमें जेल अधीक्षक संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) से समन्वय करेंगे। बंदी की सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्था को लेकर दोनों विभाग आपस में चर्चा कर फैसला लेंगे। जेल मुख्यालय के इस आदेश की एक प्रति छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी भेजी गई है।

निर्देश में जेल से बाहर जाने वाले बंदियों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी को साफ रखने पर जोर दिया गया है। यह आदेश केंद्रीय जेल रायपुर में बंद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को कथित VIP सुविधा दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद आया है। वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठे थे।

अब नए निर्देश के तहत जेल से बाहर जाने वाले बंदियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी और सुरक्षा कर्मियों के बॉडी कैमरे के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है। इससे बाहर ले जाने की प्रक्रिया की जवाबदेही तय करने और गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी।

जेल महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने जेल के बाहर बंदियों को सुविधा देने वाले अधीनस्थों पर सख्ती का आदेश दिया है। लेकिन जेल के अंदर पैसे नहीं देने पर एक बंदी ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। बंदी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और अफसरों ने इस मामले में मौन साधा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button