![]()
दुर्ग और रायपुर में शनिवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव, रेलवे कर्मचारी और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी शामिल हैं। दोनों पर रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। वहीं राजलक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम ऑफिस से हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों के ठिकानों पर तलाशी भी ली गई। जांच में टीम को घर से लाखों रुपए कैश मिलने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पर लंबे समय से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रकम लेने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में कई अहम जानकारियां मिलने के बाद टीम ने एक साथ दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। घर से कैश भी बरामद बताया जा रहा है कि, सीबीआई की टीम ने दुर्ग और रायपुर में कई घंटे तक पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कुछ अहम कागजात और कैश भी जब्त की गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मामले में कितने लोग ठगी का शिकार हुए हैं और कितनी रकम का लेनदेन हुआ है। डीआरएम कार्यालय रायपुर ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी सीबीआई से मिलने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल दोनों आरोपी सीबीआई की गिरफ्त में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
<
