छत्तीसगढ़

BJP विधायक अजय चंद्राकर ने सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दायर किया मानहानि का आपराधिक केस

छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का आपराधिक केस दायर किया है। 22 सितंबर को विधायक अजय चंद्राकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जिला कोर्ट पहुंचे और दोनों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज कराया। एडवोकेट विशाल शुक्ला ने बताया कि इसी मानहानि के मामले में क्रिमिनल केस के लिए केस पेश किया गया है, जिसमें राशि नहीं, बल्कि सजा की मांग की गई है।

विवाद की शुरुआत 15 अगस्त को वायरल हुए एक वीडियो से हुई। आरोप है कि भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का पार्टी का तिरंगा फहराते हुए एक वीडियो वायरल किया गया और इसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर प्रचारित किया गया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर ने इस वीडियो को पोस्ट किया, जिसमें दावा किया गया कि धमतरी जिले में भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पार्टी के एक कार्यक्रम का पुराना वीडियो है।

इस पोस्ट के खिलाफ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की, जिसके बाद दोनों के खिलाफ एफआईआर भी हुई थी। अब मानहानि का केस दायर किया गया है। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि बिना सोचे-समझे ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिए। सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस के इस झूठे नैरेटिव से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जिनके पास मुद्दा, संस्कार और विचार नहीं होते, वे ऐसी हरकतें करते हैं। उन्होंने बताया कि मानहानि में राशि नहीं बल्कि सजा की मांग की गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 तथाकथित पत्रकार भाइयों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पुराने वीडियो को एडिट किया था, जो भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का था।

अजय चंद्राकर ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य शासन ने उन्हें धमतरी के लिए अतिथि बनाया था। उस दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं का एक अभ्यास वर्ग हुआ था, जिसमें भाजपा का झंडा भी फहराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर ने भाजपा के झंडे वाले वीडियो को पूरे देश में चलाया। सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस के मेन सोशल मीडिया पेज पर वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि भाजपा के लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराया है।

एडवोकेट विशाल शुक्ला ने कहा कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर ने विधायक अजय चंद्राकर के बारे में अपमानजनक बातें कहीं और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि भाजपा का शैक्षणिक कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में 13 मार्च को हुए ध्वजारोहण के वीडियो को एआई की मदद से बदलकर 15 अगस्त का बताकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।

इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, छत्तीसगढ़ में सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भाजपा नेताओं का पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस का बताकर शेयर किया गया और तनाव फैलाने का आरोप लगाया गया। साथ ही, अजय चंद्राकर का वीडियो वायरल करने वाले 2 तथाकथित पत्रकारों को धमतरी पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ से गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस का बताकर शेयर किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button