छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक भाजपा नेता पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। इस मामले में गोंडवाना सेवा समिति युवा प्रभाग तहसील नगरी ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक दिवसीय गांव बंद रखा। समाजजनों ने भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को 24
.
धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र बेलरगांव में गुरुवार को गोंडवाना समाज सेवा समिति युवा प्रभाग तहसील नगरी द्वारा गांव को बंद कराया गया। समाजजनों ने रैली निकालकर भाजपा नेता पर लगे गंभीर आरोपों के चलते उनकी गिरफ्तारी की मांग की। रैली के बाद एक सभा का आयोजन किया गया, जिसके उपरांत तहसीलदार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए ज्ञापन सौंपा गया।

बेलरगांव के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर पहले भी लगे हैं आरोप
जानकारी के अनुसार, बेलरगांव के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोहर दास मानिकपुरी पर पहले भी छेड़छाड़ का आरोप लग चुका है। इस मामले में थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद धमतरी जिला भाजपा ने उन्हें मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया था। अब यह मामला उग्र रूप लेता जा रहा है।

आदिवासी महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
समाजजनों ने बताया कि एक आदिवासी महिला ने भाजपा नेता पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने 5 अक्टूबर को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसी के चलते समाज में आक्रोश है और महिला को न्याय दिलाने के लिए गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
समाजजनों को आश्वासन दिया गया है कि आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, समाज ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

<
