Uncategorized

बिरनपुर हिंसा में घायल पति के इलाज के लिए पत्नी का संघर्ष, गहने गंवाए, 20 लाख की जरूरत

बेमेतरा जिले के बिरनपुर में 8 अप्रैल 2023 को हुई हिंसा के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए सब-इंस्पेक्टर बिनु राम ठाकुर आज भी उस घटना के जख्मों से जूझ रहे हैं। कभी पुलिस की वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभालने वाले बिनु राम अब अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भी दूसरों पर निर्भर हैं। उनके सिर पर ईंट-पत्थरों से हुए हमले के बाद उनका बायां हाथ और पैर काम करना बंद कर चुका है, जिससे उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है।

बिनु राम ठाकुर बताते हैं कि 8 अप्रैल 2023 को बिरनपुर में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान वे मौके पर मौजूद थे। उस समय साजा विधायक ईश्वर साहू के बेटे भुवनेश्वर साहू के साथ मारपीट हो रही थी। बिनु राम के अनुसार, उन्होंने अपने स्टाफ को मारपीट कर रहे लोगों को पकड़कर गाड़ी में बैठाने के लिए कहा, लेकिन जब कोई आगे नहीं आया तो वे खुद भुवनेश्वर को बचाने पहुंचे। उन्होंने बताया, “मैंने अपने स्टाफ से कहा कि इन लोगों को पकड़कर गाड़ी में बैठाओ। जब वे कुछ नहीं कर पाए तो मैं खुद भुवनेश्वर साहू को पकड़ने गया। उन्हें खींचकर वहां से निकालने लगा। इसी दौरान वहां इकट्ठा लोग चिल्लाने लगे कि मारो, मारो, पुलिस वाले को मारो। मेरे स्टाफ के लोग भी वहां से चले गए। इसके बाद लोगों ने मुझ पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। “

इस हमले में बिनु राम को गंभीर चोटें आईं और उन्हें रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर मड़रिया ने उनके सिर का दो बार ऑपरेशन किया। बिनु राम का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान संभवतः कोई नस दब गई, जिसके बाद से उनका बायां हाथ और पैर काम नहीं कर रहा है। वे बताते हैं कि घटना के दिन से ही उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी हो गई कि वे अपने दैनिक काम भी खुद नहीं कर पाते। पुलिस विभाग की ओर से एक आरक्षक नरेन्द्र वर्मा को उनकी मदद के लिए लगाया गया है, जो उनके रोजमर्रा के कामों में सहायता करता है।

बिनु राम के इलाज में अब तक करीब 20 से 22 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं और परिवार पर 4 से 5 लाख रुपए का कर्जा हो चुका है। परिवार बालोद जिले के झलमला में किराए के मकान में रह रहा है। इस मुश्किल वक्त में उनकी पत्नी धनेश्वरी ठाकुर ही उनका सहारा बनी हुई हैं। पति की देखभाल, अस्पताल ले जाना, दवाइयों का इंतजाम और घर की जिम्मेदारी, सब कुछ उन्हीं के कंधों पर है। रायपुर और छत्तीसगढ़ के दूसरे अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी जब कोई खास सुधार नहीं हुआ तो अब परिवार की उम्मीदें हैदराबाद के एक न्यूरो सर्जन से बंधी हैं।

पीड़ित बिनु राम ने दैनिक भास्कर डिजिटल को बताया कि हैदराबाद के डॉक्टर ने उनकी मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद ठीक होने की संभावना जताई है, लेकिन इलाज में 15 से 20 लाख रुपए खर्च होने की बात कही है। परिवार के पास अब इतनी रकम नहीं है। इसी उम्मीद और परेशानी के साथ बिनु राम 26 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को आवेदन देकर इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी है। हालांकि, उनके मुताबिक उन्हें मौके पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला।

बिनु राम की पत्नी धनेश्वरी ठाकुर के लिए भी यह हादसा जिंदगी बदल देने वाला साबित हुआ है। पति को इस हालत में देखने का दर्द और उनके इलाज की चिंता, दोनों से वे लगातार जूझ रही हैं। परिवार में उनके और बिनु राम के अलावा कोई बच्चा नहीं है। धनेश्वरी बताती हैं कि पति की देखभाल के लिए उन्हें हर वक्त उनके साथ रहना पड़ता है। पति को ठीक कराने की उम्मीद में धनेश्वरी ने कई जगह इलाज कराया। इसी दौरान वे झाड़-फूंक करने वालों के झांसे में भी आ गईं और अपने गहने गंवा दिए। धनेश्वरी के मुताबिक, कुछ लोगों ने तिखुर बेचने के बहाने उनके घर आकर झाड़-फूंक से पति को ठीक करने का दावा किया। उन्होंने नवरात्रि का हवाला देकर पूजा-पाठ और झाड़-फूंक करने की बात कही और उनसे शरीर पर पहने सोने-चांदी के गहने उतारकर देने को कहा। पति के ठीक होने की उम्मीद में उन्होंने अपने गहने भी दे दिए, जिनमें करीब तीन तोला सोना और लगभग एक किलो चांदी के गहने शामिल थे। बाद में वे लोग गहने लेकर चले गए। धनेश्वरी का कहना है कि बाद में पुलिस ने उन लोगों को पकड़ लिया, लेकिन उनके गहने अब तक वापस नहीं मिले हैं।

बिनु राम की परेशानी सिर्फ इलाज और आर्थिक तंगी तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि घायल होने के बाद भी विभागीय स्तर पर उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। वे बताते हैं कि अक्टूबर 2025 में उनका तबादला कर दिया गया, लेकिन इसकी जानकारी उन्हें न तो लिखित रूप में दी गई और न ही मौखिक तौर पर बताई गई। उनके मुताबिक, बिना सूचना दिए ही उनकी रवानगी भी कर दी गई। बिनु राम का कहना है कि इसी दौरान उनका वेतन भी बंद हो गया। करीब 11 महीने तक उन्हें वेतन नहीं मिला। इलाज और घर के खर्च के लिए उनके पास कोई नियमित आय नहीं बची। बिनु राम के मुताबिक, हाल ही में एसपी बंसल के आने के बाद उन्हें पिछले महीने का एक महीने का वेतन मिला है, लेकिन इसके पहले के 11 महीने का भुगतान अब भी नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के बिरनपुर गांव में 8 अप्रैल 2023 को स्कूली बच्चों के बीच मारपीट की घटना के बाद विवाद बढ़ा था। इस घटना को लेकर गांव में बैठक बुलाई गई थी, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में 22 साल के भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। उस समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी हमला हुआ और तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिनमें उप निरीक्षक बिनु राम ठाकुर भी शामिल थे। घटना के बाद गांव में तनाव बना रहा और 10 अप्रैल को विश्व हिंदू परिषद ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। इसी दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। 11 अप्रैल को बिरनपुर के पास कोरवाय क्षेत्र में रहीम मोहम्मद (55) और उनके बेटे ईदुल मोहम्मद (35) के शव मिले थे, जिनकी हत्या की गई थी। इस तरह हिंसा से जुड़े घटनाक्रम में तीन लोगों की जान गई थी। पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं को लेकर एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। बाद में भुवनेश्वर साहू की हत्या के मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई। वहीं रहीम मोहम्मद और उनके बेटे की हत्या के मामले में फरवरी 2026 में बेमेतरा की अदालत ने 17 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।

बिरनपुर की घटना के बाद यह मामला प्रदेश की राजनीति में भी बड़ा मुद्दा बना। भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को भाजपा ने साजा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया और 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मंत्री और क्षेत्र के वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे को हराकर जीत दर्ज की और विधायक बने। लेकिन जिस हिंसा को शांत कराने और लोगों की जान बचाने की कोशिश में बिनु राम ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए, उस घटना के बाद उनकी अपनी जिंदगी बदल गई। बिनु राम बताते हैं कि इतने लंबे समय में न तो कोई बड़ा अधिकारी उनका हाल जानने पहुंचा और न ही कोई मंत्री या जनप्रतिनिधि। विधायक बनने के बाद ईश्वर साहू एक बार अमलेश्वर में उनसे मिलने जरूर आए थे, लेकिन उसके बाद दोबारा कोई उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। आज भी वे इलाज और आर्थिक मदद के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button