बालोद: नवजात की मौत के बाद मां को रेफर करने से किया इनकार, कुछ घंटों में उसने भी तोड़ा दम; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्थित पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक नवजात शिशु की मौत हो गई, और इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मां ने भी दम तोड़ दिया। इस हृदय विदारक घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और नर्स पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार बुलाने के बावजूद डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचे और नर्स के भरोसे ही डिलीवरी कराई गई, जिसके कारण यह दुखद परिणाम सामने आया।
मृतका के ससुर महेश साहू ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, ‘हम अपनी बहू को हंसते-खेलते अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन वह लाश बनकर लौटी। ‘ परिजनों ने इस पूरे मामले में संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जेएल उइके ने जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना 20 नवंबर की सुबह की है, जब ग्राम पलारी निवासी तीरथ साहू की पत्नी वेदबाई साहू को सुबह करीब 5: 30 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद पति तीरथ साहू और ससुर महेश साहू वेदबाई को लेकर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचे। सुबह करीब 6 बजे वेदबाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस समय अस्पताल में केवल नर्स कुमारी हेमलता ठाकुर मौजूद थीं।
ससुर महेश साहू के अनुसार, उन्होंने सुरक्षित डिलीवरी के लिए ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) सुनील कुमार देवांगन को कई बार फोन किया, लेकिन वे वेदबाई को देखने के लिए अस्पताल नहीं पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति में नर्स के भरोसे ही प्रसव कराने की तैयारी की गई और अंततः डिलीवरी कराई गई।
परिजनों के मुताबिक, सुबह 8: 50 बजे प्रसव हुआ, लेकिन नवजात शिशु मृत पैदा हुआ। इस खबर से परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत नवजात की जांच और प्रसूता वेदबाई के बेहतर इलाज के लिए दोनों को धमतरी ले जाने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि नवजात की मौत के बाद जब डॉक्टर अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने वेदबाई की हालत सामान्य बताते हुए उसे धमतरी रेफर करने से इनकार कर दिया।
इसके कुछ समय बाद वेदबाई की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे धमतरी ले जाया गया। हालांकि, धमतरी पहुंचने पर वेदबाई ने भी दम तोड़ दिया। वेदबाई के पति तीरथ राम साहू ने बताया कि उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बार-बार अनुरोध किया था कि यदि यहां इलाज संभव नहीं है तो उनकी पत्नी को धमतरी रेफर कर दिया जाए, लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी और महिला की हालत सामान्य बताई।
तीरथ साहू ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, लेकिन जब उन्होंने उन कागजातों के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें कुछ भी नहीं बताया गया। वेदबाई को धमतरी भेजने के दौरान स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ग्रामीण चिकित्सा सहायक सुनील कुमार देवांगन का कहना है कि महिला के साथ मितानिन को भेजा गया था, जबकि मितानिन लक्ष्मी सोनवानी के मुताबिक, वे नवजात को लेकर धमतरी गई थीं और उनके लौटने से पहले ही महिला को धमतरी भेजा जा चुका था।
इस मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक सुनील कुमार देवांगन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में अनुभवी डॉक्टरों की कमी है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने आरएमए सुनील कुमार देवांगन पर निजी क्लिनिक चलाने और सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की तुलना में निजी प्रैक्टिस को प्राथमिकता देने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। यह भी उल्लेखनीय है कि विधानसभा सत्र में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, बालोद जिले में 2019 से 2022 के बीच 8 गर्भवती महिलाओं और 365 नवजातों की मौत हुई थी। इसके बाद के आंकड़ों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।



