बिलासपुर (छत्तीसगढ़)17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिलासपुर में बिना रसीद वसूली करने और अभद्र व्यवहार के आरोप में सेनेटरी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई दुकानदार की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है।
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उन पर दुकानदार से अभद्र व्यवहार करने, बिना रसीद जुर्माना वसूलने और दुकान से बिना भुगतान किए सामान लेने का आरोप है।
मामले में शिकायतकर्ता दुकानदार ने साक्ष्य के तौर पर निगम को सीसीटीवी फुटेज सौंपा था। फुटेज में टीम प्रभारी की आपत्तिजनक गतिविधियां सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई की।
20 हजार की मांग, 7 हजार की अवैध वसूली का आरोप
दरअसल, यह मामला 27 अप्रैल का है, जब निगम की स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम ने जोन क्रमांक 6 स्थित मिश्रा किराना स्टोर पर प्रतिबंधित पॉलिथिन जब्ती के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की थी। आरोप है कि रकम न देने पर टीम ने दुकानदार से अवैध रूप से 7 हजार रुपए वसूल लिए।
मुफ्त कोल्ड ड्रिंक और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान का आरोप
इसके अतिरिक्त, टीम पर कार्रवाई के दौरान दुकान से मुफ्त कोल्ड ड्रिंक लेने और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने का भी आरोप है। जब यह मामला सामने आया, तो अगले दिन 28 अप्रैल को दुकानदार को बैक डेट पर रसीद थमा दी गई।
प्रभारी निरीक्षक निलंबित
इसके बाद निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच में पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज दोषी पाए गए, जिसके बाद कमिश्नर ने उन्हें निलंबित कर दिया।

<
