Uncategorized

बिलासपुर: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट के पास बोरे में मिला कुत्ते का सड़ा शव, मानव शव की आशंका से मचा हड़कंप

बिलासपुर के कोनी स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास मंगलवार शाम लावारिस बोरे में मानव शव होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बोरे से तेज बदबू आने के कारण राहगीरों को हत्या के बाद शव ठिकाने लगाए जाने की आशंका हुई।

सूचना मिलते ही कोनी पुलिस के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की है। मुख्य गेट के पास सड़क किनारे एक बोरा पड़ा था।

राहगीरों को बोरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई तो उन्होंने संदेह के आधार पर पुलिस को सूचना दी। मामला मानव शव से जुड़ा होने की आशंका के चलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास की स्थिति का जायजा लिया।

बोरे की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने डाग स्क्वाड को भी बुलाया। कुछ देर बाद डाग मास्टर स्निफर डाग के साथ मौके पर पहुंचा।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बोरे को खुलवाया गया तो अंदर का दृश्य देखकर हत्या की आशंका पूरी तरह खत्म हो गई। बोरे के भीतर इंसान का शव नहीं, बल्कि सड़ा-गला कुत्ते का शव मिला। शव काफी पुराना होने के कारण उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

किसी अज्ञात व्यक्ति ने मरे हुए कुत्ते के शव को बोरे में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया था। शव सड़ने के कारण बदबू फैल रही थी, जिससे लोगों को मानव शव होने का संदेह हुआ।

पुलिस ने कुत्ते के शव को मौके से हटवाकर गड्ढा खुदवाकर दफन करवा दिया। इसके बाद पुलिस और एसीसीयू की टीम ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button