![]()
.
एक जनवरी को छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाले भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन होने जा रहा है। 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
सोमवार को आयोजन के तैयारी का जायजा लेने डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारी के विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य मंच व बैठक व्यवस्था, जनसमुदाय के बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, पेयजल समेत आयोजन से संबंधित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्था को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिपं अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिपं उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, डॉ वीरेंद्र साहू, एएसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल, एडीएम विनय पोयाम व अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट में कई विकास कार्य शामिल: भोरमदेव मंदिर परिसर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। इस प्रोजेक्ट अंतर्गत सड़क, पार्किंग, व्यू प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण व अन्य बुनियादी सुविधा का विकास होगा। इससे न केवल पर्यटक की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। भोरमदेव कॉरिडोर इसी सोच का परिणाम है, जो आने वाले वर्ष में क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगा।
<
