Uncategorized

भिलाई इस्पात संयंत्र लोहा-स्क्रैप चोरी मामले की जांच अब CBI करेगी, छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया आदेश

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में हुए लोहा-स्क्रैप चोरी के मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। 25 सितंबर 2026 को जारी छत्तीसगढ़ राजपत्र में इसका उल्लेख किया गया है। राज्य सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना यानी CBI को पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी शक्तियों और क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करने की सहमति दी है। इसके बाद अपराध क्रमांक 277/2026 की जांच CBI के दायरे में आ गई है।

अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक रिकेश सेन ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति चोरी करने वालों पर कार्रवाई होगी। इस मामले में रसमड़ा स्टील कंपनी के MD और डायरेक्टर समेत अब तक 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामला अकलोरडीही खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स से करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद होने के बाद सामने आया था। पुलिस ने स्क्रैप के साथ कई वाहन और मशीनें भी जब्त की थीं। इसके बाद पुरानी भिलाई थाने में केस क्रमांक 277/2026 दर्ज किया गया। जांच में पुलिस ने संजय सिंह को मास्टरमाइंड बताया और उसे गिरफ्तार किया।

इसके बाद स्क्रैप को बीएसपी से बाहर निकालने, फ्लू डस्ट ले जाने वाले वाहनों में लोड करने और आगे खपाने से जुड़ी कड़ियां सामने आईं। जांच के दौरान रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड में चोरी के स्क्रैप की खपत की बात भी सामने आई। इसके बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60) और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39) को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में 21 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें 3 जमानत पर बाहर हैं, जबकि 5 आरोपियों को अग्रिम जमानत मिल चुकी है।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इस मामले को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय, केंद्रीय इस्पात मंत्रालय, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई स्तरों पर पत्राचार किया था। विधायक ने सीबीआई के साथ ईडी, ईओडब्ल्यू और एसीबी से भी जांच की मांग की थी। अब राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद मामले में सीबीआई की आधिकारिक एंट्री हो गई है।

राज्य शासन की ओर से सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक रिकेश सेन ने देर रात वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने बीएसपी को 40 सालों से लूटा और राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी की, अब वे भी जांच के दायरे में आएंगे। उन्होंने कहा कि उन लोगों को भी जवाब मिल गया है, जो कहते थे कि सीबीआई जांच नहीं होगी और विधायक के साथ संगठन, सरकार खड़ी नहीं है।

इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… BSP से 114 करोड़ की लोहा चोरी: लेबर ID से एंट्री, ट्रकों में सीक्रेट चेंबर, GPS-नंबर प्लेट बदलते, 14 स्टेप में समझिए पूरा नेटवर्क। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपए के लोहा चोरी सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस अब तक कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह, कुछ BSP अधिकारियों, ट्रांसपोर्टर, ड्राइवर, क्रेन ऑपरेटर और स्क्रैप कारोबारियों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button