भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, कैप्टन स्मृति मंधाना रायपुर पहुंचीं:कल प्रैक्टिस करेगी टीम इंडिया; 16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का रोमांच जल्द शुरू होने वाला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन स्मृति मंधाना रविवार शाम रायपुर पहुंचीं। टीम की बाकी खिलाड़ी भी आज ही पहुंचेंगी। जिम्बाब्वे की टीम कल पहुंचेगी। दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। दोनों टीमें कल प्रैक्टिस भी करेंगी। 12 अक्टूबर को अभ्यास करेगी टीम इंडिया रायपुर पहुंचने के अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को भारतीय टीम अभ्यास करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और 13 अक्टूबर को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। इसके बाद दोनों टीमें सीरीज के मुकाबलों के लिए मैदान पर उतरेंगी। स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा। कलेक्टर की अध्यक्षता में बनाई गई लोकल सपोर्ट कमेटी मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं। E-टिकट से एंट्री, ओपन वाई-फाई की सुविधा दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी। एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर तैयार रहेगा स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और VIP आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की भी व्यवस्था रहेगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है। 2 जुलाई 2026 को NGT ने अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर समेत 3 स्टेडियमों में ट्रिब्यूनल की अनुमति के बिना आगे खेल गतिविधियां कराने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगी गई थी। मामले की सुनवाई के बाद NGT ने 3 मैचों के लिए यह रोक संशोधित कर दी। ……………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मैच: टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 12 अक्टूबर से; कलेक्टर ने क्रिकेट संघ के साथ की बैठक भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें टी-20 मैचों के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी। मैचों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पढ़ें पूरी खबर…




