Uncategorized

बेमेतरा में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसे तीन किसानों की मौत, पिता-पुत्र ने एक साथ तोड़ा दम

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के मोहतरा गांव में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसे पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 20 सितंबर रविवार को हेमबंद खार में हुई थी। धमाके के बाद ट्रांसफार्मर से गर्म तेल और आग की लपटें फैल गईं, जिसकी चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गए थे।

हादसे के बाद तीनों को पहले बेमेतरा जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया। करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार को तीनों किसान ईश्वर पटेल (62), राधेश्याम चंद्राकर (50) और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर (32) ने दम तोड़ दिया।

इनमें पिता राधेश्याम चंद्राकर और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर का शुक्रवार को ही अंतिम संस्कार किया गया, जबकि तीसरे किसान का अंतिम संस्कार शनिवार को मोहतरा में होगा।

जानकारी के अनुसार, किसान मोहन पटेल ने बताया कि ईश्वर, राधेश्याम और छन्नू खेत में काम कर रहे थे। तभी ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ। गर्म तेल दूर तक उछलकर फैला, जिससे तीनों बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बेमेतरा जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखकर उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।

राधेश्याम चंद्राकर और उनके बेटे छन्नू का रायपुर के अस्पताल में करीब पांच दिनों तक उपचार चला। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी। शुक्रवार को उपचार के दौरान पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई। छन्नू चंद्राकर की उम्र महज 32 वर्ष थी। उनके छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के साथ ही बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार बारिश के बीच शुक्रवार रात दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

हादसे में झुलसे 62 वर्षीय किसान ईश्वर पटेल की भी शुक्रवार को रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके पुत्र प्रकाश पटेल ने बताया कि उनके पिता का पोस्टमार्टम हो चुका है। शनिवार को मोहतरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ईश्वर पटेल भी हादसे के समय खेत के पास मौजूद थे और ट्रांसफार्मर से निकले गर्म तेल की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए थे।

एक ही हादसे में तीन किसानों की मौत के बाद ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी है।

इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… गेहूं लोड ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 6 मौतें: बालोद के मरकाटोला घाट में हादसा, ट्रक के नीचे दबे मिले शव; 7 गंभीर घायल। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गेहूं से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 6 लड़कों की मौत हो गई, 7 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। हादसा जगदलपुर नेशनल हाइवे पर मरकाटोला घाट के पास हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button