साजा स्कूल में 89 बच्चों के लिए एक ही शौचालय:5 महीने से मिल रही आलू-भिंडी की सब्जी, बारिश में किचन में भर जाता है पानी

![]()
बेमेतरा के साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भरदालोधी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। स्कूल में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के करीब 89 बच्चे पढ़ते हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें तय मेनू के मुताबिक मध्यान्ह भोजन नहीं मिल रहा। पिछले 5-6 महीनों से ज्यादातर आलू और भिंडी की सब्जी ही परोसी जा रही है। इससे कई बच्चे स्कूल का खाना नहीं खाते और घर से टिफिन लेकर आते हैं। मंगलवार को भी बच्चों को चावल, दाल और भिंडी की सब्जी परोसी गई। छात्र विनय साहू ने बताया कि बार-बार आलू और भिंडी की सब्जी मिलने के कारण वह और कई अन्य बच्चे स्कूल में खाना नहीं खाते। विद्यार्थियों का कहना है कि तय मेनू के अनुसार अलग-अलग दिनों में अलग-अलग भोजन मिलना चाहिए। 89 बच्चों के लिए सिर्फ एक शौचालय स्कूल की शौचालय व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। पहली से आठवीं तक पढ़ने वाले करीब 89 बच्चों के लिए केवल एक शौचालय है। विद्यार्थियों के अनुसार वहां पर्याप्त पानी नहीं आता और आसपास गंदगी भी रहती है। निरीक्षण के दौरान शौचालय और बाथरूम के आसपास पानी जमा होने की स्थिति भी सामने आई। बारिश में किचन में भर जाता है पानी मध्यान्ह भोजन बनाने वाले किचन की हालत भी खराब बताई जा रही है। रसोइया चित्रलेखा साहू ने बताया कि बारिश के दौरान किचन के अंदर पानी भर जाता है। कई बार पानी चूल्हे तक पहुंच जाता है, जिससे खाना बनाना मुश्किल हो जाता है। पानी निकालने के बाद ही भोजन बनाया जा पाता है। बारिश में चूल्हा, लकड़ी और अन्य सामान भी गीला हो जाता है। पालक बोलीं- अच्छा खाना मिलेगा तो बच्चे खाएंगे पालक सुनीता ठाकुर ने कहा कि स्कूल में खाना और सब्जी ठीक तरह से नहीं बनती। उनके मुताबिक, बच्चों को अच्छा भोजन मिलेगा तभी वे स्कूल का खाना खाएंगे। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे वासु ठाकुर और दिनेश ठाकुर भी इसी स्कूल में पढ़ते हैं। पालक ने स्कूल में शिक्षकों की कमी का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। प्रधानपाठक बोले- लिखित में दी है जानकारी प्रधानपाठक हीरालाल वर्मा ने बताया कि मध्यान्ह भोजन में लगातार एक ही तरह की सब्जी नहीं बनाने के लिए भोजन तैयार करने वाले समूह को पहले ही अवगत कराया गया था। शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित पत्र भी दिया गया है। इसके बावजूद अब तक जरूरी सुधार नहीं हुआ है। बीईओ बोले- कराई जाएगी जांच खंड शिक्षा अधिकारी डी.जी. पात्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जांच कराई जाएगी। साथ ही स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link




