8 गोवंशों को तस्करों से कराया मुक्त,1 आरोपी गिरफ्तार:पशु तस्करी के 2 पुराने मामलों में फरार 5 आरोपी भी अरेस्ट; ऑपरेशन-शंखनाद के तहत कार्रवाई

![]()
जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने 8 गोवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, सिटी कोतवाली पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कुनकुरी थाना पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग टांगरबहरी रोड से गौवंशों को पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस ने एक व्यक्ति को 8 गौवंशों के साथ पकड़ लिया। नहीं दे पाया कोई दस्तावेज पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक कुमार यादव (37) निवासी ग्राम वासुदेवपुर बताया। पुलिस ने गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। पुराने मामलों में फरार 5 आरोपी गिरफ्तार सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला 6 जनवरी 2026 को डूमरटोली क्षेत्र का है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 गोवंशों को तस्करों से मुक्त कराया था। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। दूसरा मामला 22 फरवरी 2026 का है। किनकेल क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई कर 4 गौवंशों को मुक्त कराया था। इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य मिले। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। लगातार पतासाजी के बाद पकड़े गए आरोपी पुलिस की लगातार तलाश और पुलिसिंग के बाद पांच फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बीरबल राम भगत (45) निवासी डूमरटोली, थाना जशपुर, मोहम्मद अफसर खान (37) निवासी लोदाम, थाना कुनकुरी, शाहिद खान (26) निवासी खरवाटोली, थाना नारायणपुर, मुस्तकीम खान (48) निवासी मधुबन टोली, जशपुर और ताजुद्दीन खान (43) निवासी खरवाटोली, थाना नारायणपुर शामिल हैं। जनवरी से अब तक 985 गौवंश मुक्त जशपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान 86 मामलों में 985 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। पुलिस ने अब तक 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 31 वाहन जब्त किए गए हैं। तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई पुलिस अब गौवंश तस्करी के मामलों में केवल मौके पर पकड़े जाने वाले आरोपियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रख रही है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी बोले- तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है। तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को और मजबूत एवं सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link




