![]()
बालोद जिले के दल्लीराजहरा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से रात के समय भालू के दिखाई देने से दहशत का माहौल बना हुआ है। भोजन की तलाश में भालू रात होते ही शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंच रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में भय व्याप्त है।
.
समाजसेवी स्वाधीन जैन ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भालू सप्तगिरी पार्क में नजर आया। पार्क में भालू को देखकर लोग घबरा गए। जिसके बाद तुरंत पुलिस प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी गई।
रात में शहर की ओर आ रहा है भालू- रेंजर
दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के रेंजर संतोष कुमार ठाकुर ने बताया कि दल्लीराजहरा के आसपास जंगल क्षेत्र होने के कारण भालू रात में शहर की ओर आ जाते हैं और सुबह होते ही जंगल लौट जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक हफ्ते में भालू को शिकारी बाबा, बीएसपी रेस्ट हाउस सहित कई इलाकों में देखा गया है।
वन विभाग की गश्त और सतर्कता अभियान जारी
रेंजर ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में मुनादी भी कराई गई है। शहरवासियों को सतर्क किया जा रहा है कि भालू के आसपास न जाएं और किसी भी तरह से भालू से छेड़छाड़ न करें, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
<
