मरवाही वन मंडल के मसुरीखार गांव में 17 अक्टूबर की रात एक भालू खाने की तलाश में रिहायशी इलाके में घुस गया। भालू को खेतों में भुट्टे (मकई) के पास घूमते देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
.
ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह और आक्रामक हो गया। कुछ देर तक गांव में इधर-उधर घूमता रहा। बाद में ग्रामीणों ने मशाल और डंडों की मदद से उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया।

इस इलाके में तीसरी बार भालू घुसा
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से लगातार भालू गांवों की ओर आ रहे हैं। इससे पहले दानीकुंडी और बरवासन गांवों में भी भालू के पहुंचने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोगों के घायल होने की खबरें भी आई थीं।
हाल ही में पिपरिया और बरवासन गांव में भी भालू ने महिलाओं पर हमला कर घायल किया था। मरवाही क्षेत्र में यह तीसरा मौका है जब भालू ग्रामीण क्षेत्र में घुसा है।

नियमित गश्त की मांग
वन विभाग के अनुसार, मरवाही वन मंडल के जंगलों में भोजन-पानी की कमी और हाल में लगी आग के कारण जंगली जानवर अब आबादी वाले इलाकों की ओर आ रहे हैं।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से रात के समय बाहर न निकलने की अपील की है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़कर दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ने और गांव में नियमित गश्त की मांग की है।
<
