बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक:लाइब्रेरी से लौट रही थी, शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा झुलसा, रायपुर रेफर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक हुआ है। 22 साल की छात्रा आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी सिंचाई कॉलोनी में एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड से उसके शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया है। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। आरोपी युवक CCTV में भागते हुए नजर आया है। घटना बालोद थाना इलाके के आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने की है। देखिए ये तस्वीरें- तेज जलन से चिल्लाने लगी, लोगों ने पहुंचाया अस्पताल जानकारी के मुताबिक छात्रा MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर 12:30 को वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी जली है। पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। एसिड डालने के बाद पैदल भागा आरोपी घटना के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया। आरोपी ने किस तरह के एसिड का इस्तेमाल किया। ………………….. एसिड अटैक से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… कांवड़ यात्रा में महिला पर एसिड अटैक, चेहरा जला: 2 बच्चे भी झुलसे, बात नहीं करने से नाराज था युवक, बैटरी के केमिकल से हमला छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सोमवार को कांवड़ यात्रा पर जा रही महिला पर युवक ने एसिड फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। इस दौरान 2 बच्चें भी एसिड की चपेट में आ गए। महिला को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर



