गौरेला-पेंड्रा सराफा संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न:रॉबिन अध्यक्ष-सन्नी सचिव; एसपी ने की संघ से सहयोग की अपील, संदीप बने कल्चुरी समाज के जिलाध्यक्ष

![]()
गौरेला-पेंड्रा सराफा संघ का शपथ ग्रहण समारोह टेम्पल ट्री, गौरेला में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रॉबिन सोनी को अध्यक्ष, सन्नी सोनी को सचिव और नीतेश जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी और नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित कई सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बदलते व्यापारिक दौर में सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा, हितों और आपसी समन्वय के लिए संगठन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 251 तहसीलों तक संगठन की इकाइयां गठित करने का लक्ष्य है। कमल सोनी ने व्यवसायियों से उचित वेरिफिकेशन के बिना माल न लेने और पूरी पारदर्शिता के साथ कारोबार करने की अपील की। कमल सोनी ने जिले में दो अलग-अलग सराफा एसोसिएशन होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी व्यवसायियों से एकजुट होकर एक संयुक्त टीम बनाने का आग्रह किया। उन्होंने सुझाव दिया कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की तीनों तहसीलों में अलग-अलग इकाइयां बनाई जाएं, प्रत्येक तहसील से तीन-तीन प्रतिनिधि चुने जाएं और एक संयुक्त जिला संगठन के माध्यम से कार्य किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि एक एकजुट संगठन ही व्यवसायियों के हितों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकता है। जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने सराफा कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लालच हमेशा नुकसानदेह होता है और सफलता का शॉर्टकट खतरनाक हो सकता है। उन्होंने व्यापारियों को संदिग्ध परिस्थितियों में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेने की सलाह दी। एसपी खिलारी ने गौरेला-पेंड्रा के प्रमुख चौक-चौराहों पर खराब पड़े सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने में सराफा संघ से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि इन कैमरों से अपराधों की जांच में पुलिस को मदद मिलेगी और शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस अपील पर तत्काल संज्ञान लेते हुए खराब कैमरों को चिन्हित कर दुरुस्त कराने और आवश्यकतानुसार नए कैमरे लगवाने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। जीपीएम में कल्चुरी कलार समाज को मिली नई टीम इधर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में कल्चुरी कलार समाज का गठन किया गया है। गौरेला के हरिचंदा भवन में समाज के लोगों की बैठक हुई। इसमें नगरपालिका गौरेला के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल (मंजू) को सर्वसम्मति से समाज का पहला जिलाध्यक्ष चुना गया। बैठक में मरवाही के डॉ. शिव प्रताप राय और पेंड्रा के डॉ. प्रवीन राय को उपाध्यक्ष बनाया गया। निकेश राय को सचिव, भरत कुमार राय को कोषाध्यक्ष और मरवाही के विनोद राय व पेंड्रा के अजय राय को सहसचिव की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा कोटमी से मुकेश जायसवाल, पाड़े से प्रदीप जायसवाल, गौरेला से मनीष जायसवाल और साधवानी से अजीत जायसवाल को सदस्य बनाया गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संदीप जायसवाल ने समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही समाज के भवन के लिए जमीन चिन्हित कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। साथ ही समाज के हर परिवार की ओर से जिले में पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समाज के बुजुर्गों के सम्मान के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में समाज के संरक्षक, आजीवन सदस्य और अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में निर्माण जायसवाल ने सभी का आभार जताया।
Source link



