Uncategorized

आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर 12 हजार रुपए लेने का आरोप, सरपंच-उपसरपंच के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत

बेमेतरा जिले के मंगरघटा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगा है। दो ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच योगेश जांगड़े और उपसरपंच जगदीश साहू के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनसे आवास योजना में नाम शामिल कराने के लिए 6-6 हजार रुपए लिए गए। दोनों से कुल 12 हजार रुपए लेने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं में मुकेश साहू और देवनाथ साहू शामिल हैं।

उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जुड़वाने के लिए उनसे 6-6 हजार रुपए लिए गए थे। पैसे लेते समय जल्द आवास स्वीकृत होने की बात कही गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला।

देवनाथ साहू ने आरोप लगाया कि उन्होंने 4 फरवरी 2026 को उपसरपंच जगदीश साहू को 6 हजार रुपए दिए थे। उनके मुताबिक, यह रकम सरपंच के घर में बैठकर दी गई थी। दोनों ग्रामीणों का कहना है कि दो लोगों के लिए कुल 12 हजार रुपए दिए गए थे।

मुकेश साहू ने बताया कि पैसे देते समय उनसे कहा गया था कि करीब 15 दिन में आवास स्वीकृत हो जाएगा। उनका आरोप है कि पैसे देने के बाद भी अब तक उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पहले भी शिकायत की थी। 21 जुलाई 2026 को कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत और शपथ पत्र के साथ आवेदन दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दोबारा कलेक्टर को आवेदन दिया है।

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बताया कि मंगरघटा के सरपंच और उपसरपंच के खिलाफ गंभीर अनियमितता के आरोप लगाते हुए दो आवेदन मिले हैं। जिला पंचायत को तत्काल जांच टीम गठित कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button